Slider

LATEST NEWS
Loading Latest News...

सौगात : मऊ-मुंबई (LTT) ट्रेन सेवा का शुभारंभ, रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने दिखायी हरी झंडी


 लखनऊ। 
 TODAY छत्तीसगढ़  /  मऊ-लोकमान्य तिलक टर्मिनस-मऊ के बीच साप्ताहिक नई ट्रेन का भारत सरकार के रेल, संचार, सूचना एवं प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बुधवार को शुभारंभ किया. उन्होंने नई दिल्ली से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से हरी झंडी दिखाकर ट्रेन को रवाना किया. इस मौके पर यूपी के नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री एके शर्मा, श्रम मंत्री अनिल कुमार राजभर ने मऊ रेलवे जंक्शन से ट्रेन को मौके पर हरी झंडी दिखायी. इस ट्रेन के संचालन के लिए मंत्री एके शर्मा ने पत्र लिखकर अनुरोध किया था.

रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने इस मौक पर वर्चुअली क्षेत्र की जनता एवं प्रदेशवासियों को छठ पूजा, दीपावली की शुभकामनायें दी. साथ ही मऊ क्षेत्र के निवासियों को मऊ-मुंबई (लोकमान्य तिलक टर्मिनस) ट्रेन सेवा के शुभारंभ की बधाई दी. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री की मंशा के अनुसार रेलवे को ट्रांसफार्म किया जा रहा है. यूपी में रेलवे का शत-प्रतिशत विद्युतीकरण किया जा चुका है. पीएम मोदी रेलवे को देश के विकास की एक बड़ी कड़ी मानते हैं. इसके लिये रेलवे में निवेश पर विशेष ध्यान दिया गया है. रेल मंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश हर दृष्टि से महत्वपूर्ण एक बड़ा राज्य है. वर्ष 2023-24 में यूपी के रेलवे के इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत करने के लिये 7507 करोड़ रुपये का आवंटन किया गया था.

अश्वविनी वैष्णव ने कहा कि मंत्री एके शर्मा के माध्यम से आप अपने सुझाव मुझ तक पहुंचा सकते हैं. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक स्टेशन एक उत्पाद योजना जारी की है. जिसके माध्यम से स्टेशन पर स्टॉल उपलब्ध कराकर बुनकरों, शिल्पकारों आदि को रोजगार उपलब्ध कराया जा रहा है. साथ ही उनके उत्पाद को विश्वस्तर पर पहचान दिलायी जा रही है. इस समय यूपी में 98 हजार करोड़ की रेल परियोजनायें चल रही हैं. आगामी 50 वर्षों की आवागमन संबंधी आवश्यकताओं को देखते हुए 156 स्टेशनों के पुनर्विकास का कार्य किया जा रहा है. जिसमें मऊ जंक्शन भी शामिल है. इन स्टेशनों को वर्ल्ड क्लास बनाया जा रहा है. मऊ जंक्शन स्टेशन के पुनिर्विकास की डिजाइन तैयार की जा चुकी है. आप यदि इस डिजाइन में सुधार के लिये सुझाव देना चाहते है तो आपका स्वागत है.


© all rights reserved TODAY छत्तीसगढ़ 2018
todaychhattisgarhtcg@gmail.com
TODAY छत्तीसगढ़
लाइव मार्केट & सराफा