ट्यूबवेल के कॉपर वायर चुराने वाले गिरोह का खुलासा, पांच आरोपी गिरफ्तार

दुर्ग।  TODAY छत्तीसगढ़  / खेतों और ग्राम पंचायत क्षेत्र में लगे ट्यूबवेल से कॉपर वायर चोरी करने वाले गिरोह का दुर्ग पुलिस ने खुलासा करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों और चोरी का सामान खरीदने वालों के कब्जे से करीब 225 मीटर कॉपर वायर बरामद किया है। लगातार चोरी की घटनाओं में संलिप्त पाए जाने पर आरोपियों के खिलाफ संगठित अपराध की धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है।

पुलिस के अनुसार ग्राम चांगोरी निवासी तुलसीराम देशमुख ने थाना पुलगांव में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनके खेत में लगे ट्यूबवेल से करीब 100 मीटर कॉपर वायर चोरी हो गया है। मामले की जांच के दौरान संदेह के आधार पर आरोपी चंदू लोहार, वासु यादव एवं शंकर को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में आरोपियों ने चोरी करना स्वीकार करते हुए वायर को रायपुर निवासी सहल उद्दीन को बेचने की बात कबूल की। पुलिस ने उसके कब्जे से करीब 100 मीटर कॉपर वायर बरामद किया।

इसी तरह ग्राम अंजोरा के सरपंच संतोष सारथी ने पंचायत तालाब के पास स्थित ट्यूबवेल से करीब 90 मीटर कॉपर वायर चोरी होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। जांच में सामने आया कि चोरी का वायर रायपुर मौदहापारा निवासी जय नारायण को बेचा गया था। उसके कब्जे से भी लगभग 90 मीटर कॉपर वायर जब्त किया गया। वहीं एक अन्य मामले में आरोपियों ने ग्राम पीछेकर क्षेत्र में तीन अलग-अलग स्थानों से ट्यूबवेल का कॉपर वायर चोरी करना स्वीकार किया। पुलिस ने उनके कब्जे से करीब 35 मीटर वायर और अन्य विद्युत सामग्री बरामद की।

पुलिस ने बताया कि आरोपी आर्थिक लाभ के लिए खेतों और सार्वजनिक स्थानों पर लगे ट्यूबवेल को निशाना बनाते थे। आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 317 और संगठित अपराध की धारा 112 के तहत कार्रवाई की गई है। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

अवैध कबाड़ कारोबारियों पर प्रशासन का शिकंजा, दुकानों पर चली जेसीबी


बिलासपुर।
  TODAY छत्तीसगढ़  /  जिले में अवैध कबाड़ कारोबार और चोरी के सामान की खरीद-फरोख्त के खिलाफ प्रशासन अब पूरी तरह सख्त नजर आ रहा है। पुलिस द्वारा हाल ही में चलाए गए विशेष जांच अभियान के बाद अब जिला प्रशासन ने कबाड़ गोदामों की जमीन और दस्तावेजों की जांच शुरू कर दी है। इसी कार्रवाई के तहत सोमवार को तीन कबाड़ी दुकानों पर जेसीबी चलाकर अवैध अतिक्रमण हटाया गया।

प्रशासनिक कार्रवाई के दौरान ट्रांसपोर्ट नगर गेट के पास चकरभाठा स्थित पिंटू चौहान की कबाड़ी दुकान का अवैध अतिक्रमण हटाया गया। वहीं बड़ी कोनी स्थित मंसूर बेग के कबाड़ गोदाम को भी जमींदोज कर दिया गया। इसके अलावा चांटीडीह ईरानी मोहल्ला निवासी नानू साहू के कब्जे में संचालित कबाड़ गोदाम पर भी कार्रवाई की गई। प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार इन सभी के पास जमीन और दुकान से संबंधित कोई वैधानिक दस्तावेज नहीं मिले। इसके बाद अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई। 


भाजपा प्रशिक्षण शिविर के दौरान योग आयोग अध्यक्ष रूपनारायण सिन्हा का निधन


बिलासपुर।
  TODAY छत्तीसगढ़  / तिफरा स्थित झूलेलाल मंगलम में आयोजित भारतीय जनता पार्टी के दो दिवसीय पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान के दौरान आज मंगलवार को अचानक ऐसा घटनाक्रम हुआ, जिसने राजनीतिक और प्रशासनिक गलियारों को स्तब्ध कर दिया। राज्य मंत्री का दर्जा प्राप्त छत्तीसगढ़ योग आयोग के अध्यक्ष रूपनारायण सिन्हा का आकस्मिक हृदयाघात से निधन हो गया।

जानकारी के अनुसार दोपहर के समय प्रशिक्षण महाअभियान का दूसरा सत्र चल रहा था। मंच पर भाजपा के वरिष्ठ नेता मौजूद थे, जबकि सामने की अग्रिम पंक्ति में रूपनारायण सिन्हा भी बैठे हुए थे। इसी दौरान उन्हें अचानक बेचैनी महसूस होने लगी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक शुरुआत में उन्होंने सामान्य बने रहने की कोशिश की, लेकिन कुछ ही मिनटों में उनकी हालत तेजी से बिगड़ने लगी। कार्यक्रम स्थल पर मौजूद लोगों ने तत्काल उन्हें अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की। आनन-फानन में उन्हें सिम्स ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। घटना की खबर मिलते ही भाजपा कार्यकर्ताओं और उपस्थित नेताओं में शोक की लहर दौड़ गई।

रूपनारायण सिन्हा लंबे समय से भाजपा संगठन और सामाजिक गतिविधियों से जुड़े हुए थे। उनके निधन की खबर के बाद राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र से जुड़े लोगों ने गहरा दुख व्यक्त किया है।

खेती-किसानी में लापरवाही नहीं चलेगी, खाद-बीज वितरण की रोज होगी समीक्षा

बिलासपुर।  TODAY छत्तीसगढ़  / कलेक्टर संजय अग्रवाल ने खेती-किसानी की तैयारियों में किसी भी प्रकार की लापरवाही पर सख्त नाराजगी जताते हुए अधिकारियों को किसानों को समय पर खाद और बीज उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि उर्वरक वितरण की प्रगति की प्रतिदिन समीक्षा की जाएगी और हर शाम 6 बजे मांग एवं आपूर्ति की स्थिति पर रिपोर्ट प्रस्तुत करनी होगी।

जिला पंचायत सभाकक्ष में आयोजित समय-सीमा (टीएल) बैठक में कलेक्टर ने सुशासन तिहार सहित शासन की विभिन्न फ्लैगशिप योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। बैठक में निगम आयुक्त प्रकाश सर्वे और जिला पंचायत सीईओ संदीप अग्रवाल सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

बैठक में कलेक्टर ने जल संरक्षण को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए अगले 15 दिनों तक विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जो व्यक्ति या संस्था जमीन से पानी निकाल रही है, उसकी जिम्मेदारी भूजल को पुनः जमीन में पहुंचाने की भी है। इसके लिए इंजेक्शन तकनीक को प्रभावी बताते हुए उद्योगों और ठेकेदारों से रिचार्ज के लिए नलकूप खुदवाने में सहयोग करने की अपील की गई।

कलेक्टर ने कहा कि वर्षा ऋतु से पहले जल संरक्षण कार्यों को तेजी से पूरा किया जाए और जनप्रतिनिधियों को भी इस अभियान से जोड़ा जाए। सुशासन तिहार के तहत विभिन्न योजनाओं में संतृप्ति स्तर हासिल करने पर जोर देते हुए उन्होंने स्वामित्व योजना के तहत करीब साढ़े चार हजार पट्टों के वितरण के निर्देश दिए। एग्रीस्टैक पोर्टल में शेष किसानों का पंजीयन जल्द पूरा करने को भी कहा गया।

बैठक में पीएम सूर्यघर योजना, पीएम पोर्टल, सीएम जनदर्शन, मुख्यमंत्री घोषणाओं और लंबित प्रकरणों की समीक्षा करते हुए त्वरित निराकरण के निर्देश दिए गए। शिक्षा की गुणवत्ता को लेकर भी कलेक्टर ने गंभीरता दिखाई और प्राचार्यों के साथ संबंधित विषय शिक्षकों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई करने को कहा।

© all rights reserved TODAY छत्तीसगढ़ 2018
todaychhattisgarhtcg@gmail.com