बिलासपुर। TODAY छत्तीसगढ़ / तिफरा स्थित झूलेलाल मंगलम में आयोजित भारतीय जनता पार्टी के दो दिवसीय पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान के दौरान आज मंगलवार को अचानक ऐसा घटनाक्रम हुआ, जिसने राजनीतिक और प्रशासनिक गलियारों को स्तब्ध कर दिया। राज्य मंत्री का दर्जा प्राप्त छत्तीसगढ़ योग आयोग के अध्यक्ष रूपनारायण सिन्हा का आकस्मिक हृदयाघात से निधन हो गया।
जानकारी के अनुसार दोपहर के समय प्रशिक्षण महाअभियान का दूसरा सत्र चल रहा था। मंच पर भाजपा के वरिष्ठ नेता मौजूद थे, जबकि सामने की अग्रिम पंक्ति में रूपनारायण सिन्हा भी बैठे हुए थे। इसी दौरान उन्हें अचानक बेचैनी महसूस होने लगी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक शुरुआत में उन्होंने सामान्य बने रहने की कोशिश की, लेकिन कुछ ही मिनटों में उनकी हालत तेजी से बिगड़ने लगी। कार्यक्रम स्थल पर मौजूद लोगों ने तत्काल उन्हें अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की। आनन-फानन में उन्हें सिम्स ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। घटना की खबर मिलते ही भाजपा कार्यकर्ताओं और उपस्थित नेताओं में शोक की लहर दौड़ गई।
रूपनारायण सिन्हा लंबे समय से भाजपा संगठन और सामाजिक गतिविधियों से जुड़े हुए थे। उनके निधन की खबर के बाद राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र से जुड़े लोगों ने गहरा दुख व्यक्त किया है।
