सरकारी ड्यूटी कर रहे शिक्षक से मारपीट, आरोपी गिरफ्तार


बिलासपुर।
  TODAY छत्तीसगढ़  /  बिल्हा थाना क्षेत्र में शासकीय कार्य में बाधा डालने और शिक्षक से मारपीट करने वाले आरोपी को पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के खिलाफ विधिवत कार्रवाई के साथ प्रतिबंधक कार्रवाई भी की गई है।

मिली जानकारी के अनुसार, प्रार्थी नेतराम पैकरा (34) निवासी कसडोल जिला बलौदाबाजार ने थाना बिल्हा में रिपोर्ट दर्ज कराई कि 2 मई 2026 को वह ग्राम घोघरा में जनगणना/मतगणना ड्यूटी के दौरान कार्य कर रहा था। इसी दौरान स्थानीय निवासी निर्मल कुमार कांत (31) ने उससे विवाद करते हुए “तुम कौन हो, क्या करने आए हो” कहकर गाली-गलौज की और शासकीय कार्य में बाधा डालते हुए मारपीट की।

मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी ने वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में तत्काल टीम गठित कर कार्रवाई की। पुलिस ने 3 मई 2026 को आरोपी को पकड़कर थाने लाया, जहां पूछताछ में उसने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया। इसके बाद उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया तथा उसके विरुद्ध पृथक से प्रतिबंधक कार्रवाई भी की गई।

क्रिकेट टीम की रंजिश में खून! खिलाड़ी पर कैची से हमला


बिलासपुर।
  TODAY छत्तीसगढ़  / सरकंडा थाना क्षेत्र में क्रिकेट खिलाड़ियों के बीच चल रही रंजिश ने हिंसक रूप ले लिया। टीम विवाद के चलते एक युवक पर कैची से जानलेवा हमला कर दिया गया। घायल युवक को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

मिली जानकारी के अनुसार, आरएसके एकेडमी के पास महामाया चौक निवासी रवि कुमार सोनी ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है कि उनका पुत्र अनुभव सोनी (20) क्रिकेट खिलाड़ी है और वर्ष 2025 में उसका चयन विश्वविद्यालय टीम में हुआ था। इसी बात को लेकर टीम के कप्तान राज पाली उससे रंजिश रखता था।

बताया गया कि 1 मई 2026 की रात करीब 10:30 बजे अनुभव अपने भाई के साथ बाहर निकला था और दोस्त के पास रुका हुआ था। इसी दौरान आरोपी राज पाली ने उसे फोन कर आरएसके एकेडमी के पास बुलाया। वहां पहले से मौजूद राज पाली और उसके साथी रिशु ठाकुर ने उसे गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। विरोध करने पर आरोपी ने अपने पास रखी कैची से अनुभव के बाएं आंख और गले के पास वार कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद उसे तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है। पुलिस ने मामले में आरोपी राज पाली और रिशु ठाकुर के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। 

50 यात्रियों से भरी बस हादसे का शिकार, मचा हड़कंप


जांजगीर-चांपा। 
 TODAY छत्तीसगढ़  / जिले के बिर्रा थाना क्षेत्र में रविवार सुबह बड़ा सड़क हादसा हो गया। कोरबा से सरायपाली जा रही एक यात्री बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई। हादसे में करीब 15 लोग घायल हो गए, जिनमें कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार, हादसा ग्राम करनौद के पास सुबह करीब 8:30 बजे हुआ। बस में 50 से अधिक यात्री सवार थे, जिनमें महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग भी शामिल थे। अचानक बस के अनियंत्रित होकर पलटने से मौके पर अफरातफरी मच गई।

घटना के बाद स्थानीय लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। कई यात्रियों को बस से बाहर निकालने के लिए खिड़कियों के शीशे तोड़ने पड़े। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम भी मौके पर पहुंची और घायलों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया। सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए बिर्रा स्वास्थ्य केंद्र और सीएचसी बम्हनीडीह में भर्ती कराया गया है। इनमें से तीन गंभीर घायलों को जिला अस्पताल जांजगीर रेफर किया गया है।

हादसे के बाद बस चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने उसके खिलाफ मामला दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही को हादसे की मुख्य वजह माना जा रहा है।

बीच-बचाव करने पहुंचे भाई की बेरहमी से हत्या, चापड़ से गला काटा


बिलासपुर।
  TODAY छत्तीसगढ़  / शहर के सरकंडा थाना क्षेत्र में शनिवार रात मामूली विवाद ने खूनी रूप ले लिया। छोटे भाई को बचाने पहुंचे युवक की चापड़ से हमला कर हत्या कर दी गई। घटना के बाद इलाके में तनाव फैल गया और बड़ी संख्या में लोग थाने पहुंचकर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करने लगे।

मिली जानकारी के अनुसार, मोपका गुड़ी मोहल्ले निवासी अभिषेक यादव (22), बीए सेकंड ईयर का छात्र था। शनिवार रात करीब 10:30 बजे उसके चचेरे भाई ओमप्रकाश यादव (16) का कुछ युवकों से विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर पांच युवकों ने ओमप्रकाश के साथ मारपीट शुरू कर दी। भाई को पिटता देख अभिषेक मौके पर पहुंचा और बीच-बचाव करने लगा। इसी दौरान एक आरोपी ने चापड़ से उसके गले पर वार कर दिया। गंभीर रूप से घायल अभिषेक जमीन पर गिर पड़ा और कुछ ही देर में उसकी मौत हो गई।

हमले के बाद ओमप्रकाश किसी तरह जान बचाकर पुलिस चौकी पहुंचा, जबकि आरोपी उसका पीछा करते रहे। परिजन घायल अभिषेक को अपोलो अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्र में आक्रोश फैल गया। करीब 50-60 लोग थाने पहुंचकर आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग करते हुए प्रदर्शन करने लगे। स्थिति को देखते हुए पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर लोगों को शांत कराया।

पुलिस ने इस मामले में पांच युवकों को हिरासत में लिया है, जो सीपत क्षेत्र के सेलर गांव के बताए जा रहे हैं। थाना प्रभारी प्रदीप आर्या के अनुसार, हत्या का मामला दर्ज कर आरोपियों से पूछताछ की जा रही है।

© all rights reserved TODAY छत्तीसगढ़ 2018
todaychhattisgarhtcg@gmail.com