अंबिकापुर। TODAY छत्तीसगढ़ / छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर जिले में दो नाबालिग बालिकाओं से सामूहिक दुष्कर्म के सनसनीखेज मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें तीन वयस्क आरोपी और तीन विधि से संघर्षरत बालक शामिल हैं।
जानकारी के अनुसार, 24 अप्रैल को दोनों पीड़िताएं अपनी सहेलियों के साथ एक शादी समारोह में शामिल होने गई थीं। वापस लौटते समय करीब एक दर्जन युवकों ने उन्हें रास्ते में रोक लिया और जबरन मोटरसाइकिल पर बैठाकर सुनसान स्थान पर ले गए। वहां चार आरोपियों ने बालिकाओं के साथ दुष्कर्म किया।
घटना के बाद दोनों पीड़िताएं रात में किसी तरह अपने घर पहुंचीं और अगले दिन परिजनों को पूरी जानकारी दी। शिकायत के आधार पर थाना सीतापुर में 26 अप्रैल को अपराध दर्ज कर मामले की जांच शुरू की गई। पुलिस ने पीड़िताओं के बयान दर्ज कराए और मेडिकल परीक्षण कराया। परिजनों की आपत्ति के बाद दोबारा जिला अस्पताल में मेडिकल जांच कराई गई, जिसके आधार पर पुलिस ने कार्रवाई तेज की।
जांच के दौरान पुलिस ने आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया। गिरफ्तार वयस्क आरोपियों में आनंद बेक (27), विकास उर्फ राहुल (24) और मनीष खलखो उर्फ आभीस शामिल हैं। वहीं तीन नाबालिग आरोपियों को बाल न्यायालय में प्रस्तुत किया गया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 70(2) तथा पॉक्सो एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। मामले की जांच जारी है और अन्य संलिप्त आरोपियों की भी तलाश की जा रही है।
