रायगढ़। TODAY छत्तीसगढ़ / आईपीएल सीजन के दौरान ऑनलाइन क्रिकेट सट्टेबाजी पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे “ऑपरेशन अंकुश” के तहत रायगढ़ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। साइबर थाना और खरसिया पुलिस की संयुक्त टीम ने खरसिया शहर के अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर तीन सट्टा खाईवालों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से ₹51 हजार नगद और तीन मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं।
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों में अंकित अग्रवाल क्षेत्र का सक्रिय और बड़ा सट्टा संचालक है, जो मोबाइल और व्हाट्सएप ग्रुप के जरिए ऑनलाइन सट्टा नेटवर्क चला रहा था। एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देशन में आईपीएल के दौरान ऑनलाइन सट्टे पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। इसी क्रम में मिली सूचना पर पुलिस ने सुनियोजित तरीके से तीन अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई की।
पहली कार्रवाई में डभरा रोड खरसिया में अजय उर्फ रिंकु अग्रवाल को रंगे हाथों पकड़ा गया, जो मोबाइल के जरिए सट्टा खिला रहा था। उसके पास से ₹30 हजार नगद जब्त किए गए। दूसरी कार्रवाई में मुख्य खाईवाल अंकित अग्रवाल को नवीन स्कूल के पास से गिरफ्तार किया गया। उसके मोबाइल में व्हाट्सएप ग्रुप के जरिए सट्टा संचालन के साक्ष्य मिले और ₹21 हजार नगद बरामद हुए। तीसरी कार्रवाई में नया मंगल बाजार क्षेत्र से नरेंद्र राठौर को पकड़ा गया, जो वेबसाइट के माध्यम से आईपीएल मैचों में सट्टा चला रहा था।
तीनों आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 6 और 7 के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने बताया कि इस नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों की भी तलाश जारी है।
