रायगढ़ । TODAY छत्तीसगढ़ / रायगढ़ में पुलिस ने कॉपीराइट और ट्रेडमार्क उल्लंघन के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए नकली सिगरेट के कारोबार का भंडाफोड़ किया है। थाना चक्रधरनगर पुलिस ने सिंधी कॉलोनी स्थित “महादेव पान मसाला” सेंटर और उसके गोदाम पर छापेमारी कर असली ब्रांड से मिलते-जुलते नकली उत्पादों का बड़ा जखीरा जब्त किया है। जब्त सामग्री की कीमत करीब 61,310 रुपये बताई गई है।
यह कार्रवाई आईटीसी लिमिटेड के अधिकृत प्रतिनिधि सदानंद मिश्रा (नई दिल्ली) की शिकायत पर की गई। कंपनी को सूचना मिली थी कि रायगढ़ में उनके ब्रांड—गोल्ड फ्लेक, फ्लेक और कैपस्टन—की नकली सिगरेट बड़े पैमाने पर बेची जा रही है। पुलिस ने पहले गोपनीय तरीके से नमूने खरीदकर जांच की, जिसमें पैकेट के लोगो और फॉन्ट में गड़बड़ी पाई गई। “गोल्ड विमल” जैसे नाम से भी उत्पाद बेचे जा रहे थे, जो स्पष्ट रूप से ट्रेडमार्क उल्लंघन का मामला है।
सीएसपी के नेतृत्व में की गई रेड कार्रवाई में दुकान और गोदाम से बड़ी मात्रा में नकली सिगरेट जब्त की गई, जिनमें—920 डिब्बे “गोल्ड विमल”, 111 डिब्बे “गोल्ड फ्लैक किंग”, 96 डिब्बे “गोल्ड फ्लैक किंग”, 274 डिब्बे “व्हाइट फ्लेक्स” अन्य पैकेट व खुले नग पुलिस के अनुसार, ये सभी उत्पाद असली ब्रांड की नकल कर बाजार में बेचे जा रहे थे, जिससे उपभोक्ताओं को गुमराह किया जा रहा था।
मौके से संचालक लक्ष्मण दास जय सिंह को गिरफ्तार किया गया। आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराओं के साथ-साथ ट्रेडमार्क अधिनियम 1999 और कॉपीराइट अधिनियम 1957 के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि यह जिले में ट्रेडमार्क उल्लंघन के तहत पहली बड़ी कार्रवाई है, जिससे नकली उत्पादों के नेटवर्क पर प्रभावी चोट पहुंची है।





