बिलासपुर। TODAY छत्तीसगढ़ / केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड द्वारा घोषित 10वीं कक्षा के परीक्षा परिणाम में शहर की प्रतिभावान छात्रा संचिता मिश्रा ने 97 प्रतिशत अंक प्राप्त कर शानदार सफलता हासिल की है। उनकी इस उपलब्धि से न केवल परिवार बल्कि पूरे शहर में खुशी का माहौल है। संचिता सेंट फ्रांसिस स्कूल की छात्रा हैं और उन्होंने अपनी मेहनत, अनुशासन और निरंतर प्रयास के बल पर यह मुकाम हासिल किया है। विद्यालय प्रबंधन, शिक्षकों और सहपाठियों ने उनकी सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
मेहनत और अनुशासन से मिली सफलता
अपनी सफलता पर संचिता ने कहा कि “सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता। नियमित पढ़ाई, समय का सही प्रबंधन और लक्ष्य के प्रति समर्पण ही सफलता की कुंजी है।” उन्होंने अपनी इस उपलब्धि का श्रेय अपने शिक्षकों के मार्गदर्शन और माता के निरंतर सहयोग को दिया।
डॉक्टर बनकर समाज सेवा का सपना
संचिता ने बताया कि वह भविष्य में डॉक्टर बनकर समाज की सेवा करना चाहती हैं। उनका लक्ष्य है कि अपने ज्ञान और कौशल से लोगों की मदद कर सकें और समाज में सकारात्मक बदलाव लाएं। गौरतलब है कि संचिता मिश्रा स्वर्गीय वरिष्ठ पत्रकार मुकेश मिश्रा और ललिता मिश्रा की पुत्री हैं। संचिता के पिता स्व. मुकेश मिश्रा देशबंधु बिलासपुर में उप सम्पादक थे, उनकी असमय मौत से परिवार पर संकट के पहाड़ टूटे लेकिन किसी ने भी हिम्मत नहीं हारी। संचिता की माता ललिता ने बिटिया की परवरिश और शिक्षा का बीड़ा उठाया। संचिता ने भी कठिन परिस्थितियों के बावजूद अपने लक्ष्य से समझौता नहीं किया और कड़ी मेहनत के दम पर यह सफलता हासिल की। उनकी यह उपलब्धि प्रदेश के प्रत्येक विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणा बनकर सामने आई है।
