पेंडरवा हत्याकांड: बुजुर्ग महिला की हत्या के बाद फाउंडेशन का ज्ञापन, SIT जांच की मांग तेज


बिलासपुर। 
 TODAY छत्तीसगढ़  /  रतनपुर थाना क्षेत्र के ग्राम पेंडरवा में हुई बुजुर्ग महिला की हत्या और कई लोगों के घायल होने की घटना को लेकर अब जनआक्रोश सामने आने लगा है। इस मामले में सामाजिक संगठन रज़ा यूनिटी फाउंडेशन ने शुक्रवार दोपहर पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह से मुलाक़ात कर उन्हें ज्ञापन सौंपा और दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई, निष्पक्ष जांच और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग की है।

ज्ञापन में बताया गया है कि 1 अप्रैल 2026 को ग्राम पेंडरवा में मुराद बी (मुराद बेगम) नामक बुजुर्ग महिला की निर्मम हत्या कर दी गई थी। इस हमले में परिवार के कई अन्य सदस्य भी गंभीर रूप से घायल हो गए। आरोप है कि सुरेश श्रीवास अपने साथियों के साथ पीड़ित परिवार के घर में घुसा और धारदार हथियारों से हमला कर दिया। घटना के बाद पूरे गांव और आसपास के क्षेत्र में भय और तनाव का माहौल बना हुआ है। स्थानीय लोगों में भी इस घटना को लेकर आक्रोश देखा जा रहा है।

फाउंडेशन ने अपने ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया है कि पीड़ित परिवार ने पहले ही आरोपियों द्वारा दी जा रही धमकियों की शिकायत पुलिस प्रशासन से की थी, लेकिन समय रहते कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। संगठन का आरोप है कि यदि पहले ही कार्रवाई की जाती तो इस गंभीर वारदात को टाला जा सकता था। 

संगठन ने प्रशासन के सामने कई अहम मांगें रखी हैं—

▪ घटना में शामिल सभी आरोपियों के खिलाफ हत्या सहित गंभीर धाराओं में त्वरित और कड़ी कार्रवाई की जाए

▪ पूरे मामले की निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच के लिए विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया जाए

▪ पीड़ित परिवार को आर्थिक मुआवजा और सुरक्षा उपलब्ध कराई जाए

▪ सभी घायलों के बेहतर इलाज की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए

▪ पूर्व में की गई शिकायतों और प्रशासनिक लापरवाही की जांच कर जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की जाए

▪ क्षेत्र में शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएं

संगठन ने ज्ञापन की प्रतिलिपि राज्यपाल, मुख्यमंत्री, छत्तीसगढ़ मानवाधिकार आयोग, राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग, पुलिस महानिरीक्षक बिलासपुर रेंज और पुलिस मुख्यालय रायपुर को भी भेजी है। घटना के बाद प्रशासन पर दबाव बढ़ता जा रहा है कि वह जल्द से जल्द दोषियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करे और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाए। वहीं, क्षेत्र में शांति बनाए रखने के लिए पुलिस की सक्रियता भी बढ़ा दी गई है। 



सोशल मीडिया दोस्ती बनी जाल, महिला ने नाबालिग से किया अनाचार


कबीरधाम। 
 TODAY छत्तीसगढ़  / छत्तीसगढ़ के कबीरधाम जिले में एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक 27 वर्षीय महिला पर नाबालिग बालक के साथ अनाचार करने का आरोप लगा है। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर कार्रवाई करते हुए आरोपी महिला को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

मिली जानकारी के अनुसार, मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का है। पीड़ित नाबालिग ने अपनी शिकायत में बताया कि उसकी जान-पहचान आरोपी महिला से सोशल मीडिया के माध्यम से हुई थी। धीरे-धीरे दोनों के बीच बातचीत बढ़ी और वे एक-दूसरे से मिलने भी लगे। आरोप है कि 1 मार्च को महिला ने नाबालिग को पसंद करने की बात कहकर भावनात्मक दबाव बनाया और उसे भोरमदेव स्थित एक होटल में बुलाया। वहां उसने जबरन उसके साथ अनाचार किया। घटना के बाद महिला ने बालक को किसी को भी इस बारे में बताने पर डराया-धमकाया। मानसिक दबाव और भय के चलते पीड़ित कुछ समय तक चुप रहा, लेकिन बाद में उसने हिम्मत जुटाकर थाने में शिकायत दर्ज कराई।

शिकायत के आधार पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 123/2026 के तहत मामला दर्ज करते हुए पोक्सो अधिनियम की धारा 4 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर जांच शुरू की। कबीरधाम पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच के बाद आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया। विधिसम्मत कार्रवाई करते हुए उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि सोशल मीडिया के जरिए होने वाले संपर्कों में सतर्कता बरतें और किसी भी प्रकार की आपराधिक या उत्पीड़न की घटना की जानकारी तत्काल पुलिस को दें।

------

आप अपने क्षेत्र का समाचार, जानकारी और सामाजिक सरोकार से जुड़े मुद्दों के बारे में हमें इस (9111607770) वाट्सअप नंबर पर सीधे भेज सकते हैं । 

आप इस लिंक https://chat.whatsapp.com/LR2h81C1Qhg3vliVzuyI2G पर क्लिक करें और सीधे वाट्सअप ग्रुप में जुड़े। 

हनुमान जयन्ती की शोभायात्रा: तोरवा में युवक पर चाकू से वार, चार आरोपी नामजद


बिलासपुर। 
TODAY छत्तीसगढ़  /  शहर के तोरवा थाना क्षेत्र में गुरुवार शाम हनुमान जयन्ती की शोभायात्रा देखने के दौरान मामूली कहासुनी ने अचानक हिंसक रूप ले लिया। भीड़भाड़ के बीच चार युवकों ने मिलकर एक युवक पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और अफरातफरी की स्थिति बन गई।

मिली जानकारी के अनुसार, प्रार्थी सन्नी श्रीवास, निवासी रपटा चौक चांटीडीह, ने थाना तोरवा में रिपोर्ट दर्ज कराई है। सन्नी ने बताया कि वह एसी बनाने का काम करता है और 2 अप्रैल की शाम करीब 7:10 बजे अपने दोस्त सूरज साहू के साथ पेण्डलवार हॉस्पिटल और आनंद हॉस्पिटल के बीच मुख्य मार्ग पर खड़े होकर शोभायात्रा देख रहा था।

इसी दौरान वहां मौजूद प्रियांशु बोले ने सूरज साहू से साइड में खड़े होने को कहा। इस पर सूरज ने हटने की बात कही, लेकिन इसी बात पर आरोपी भड़क गया और दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, देखते ही देखते मामला बढ़ गया और कुछ ही देर में प्रियांशु बोले के साथ साहिल सोनकर, सुरेश और वैभव भी मौके पर पहुंच गए। चारों आरोपियों ने मिलकर गाली-गलौज करते हुए सूरज साहू को घेर लिया और जान से मारने की धमकी दी।

आरोप है कि इसी दौरान प्रियांशु बोले ने अपने पास रखे चाकू से सूरज साहू पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। हमले में सूरज के पेट, सिर, पीठ सहित शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आईं। अचानक हुए हमले से वहां मौजूद लोग घबरा गए और कुछ समय के लिए भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। घायल सूरज साहू को तत्काल उपचार के लिए सिम्स अस्पताल, बिलासपुर ले जाया गया, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।

घटना की सूचना मिलते ही तोरवा पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने प्रार्थी की रिपोर्ट के आधार पर चारों आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 115(2), 296, 3(5) एवं 351(3) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। 

---------------------

आप अपने क्षेत्र का समाचार, जानकारी और सामाजिक सरोकार से जुड़े मुद्दों के बारे में हमें इस (9111607770) वाट्सअप नंबर पर सीधे भेज सकते हैं । 

आप इस लिंक https://chat.whatsapp.com/LR2h81C1Qhg3vliVzuyI2G पर क्लिक करें और सीधे वाट्सअप ग्रुप में जुड़े। 



महामाया द्वार के पास मिला महिला का गला रेतकर हत्या, चेहरा कुचला—दरिंदगी की आशंका


अंबिकापुर।
 TODAY छत्तीसगढ़  /  छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर शहर में शुक्रवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब रिंग रोड स्थित महामाया प्रवेश द्वार के पास एक अधेड़ महिला का खून से लथपथ शव मिला। घटना की बर्बरता ने पूरे इलाके को दहला दिया है।

मिली जानकारी के अनुसार, कोतवाली थाना क्षेत्र में रिंग रोड किनारे स्थित एक मटन शॉप के पास स्थानीय लोगों ने सुबह शव देखा और तत्काल पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने पाया कि महिला की गला रेतकर हत्या की गई थी और पहचान छिपाने के लिए उसका चेहरा भी बुरी तरह कुचल दिया गया था। प्रारंभिक जांच में महिला के साथ दरिंदगी की आशंका जताई जा रही है। जांच के दौरान संदिग्ध परिस्थितियों में मिले तथ्यों ने मामले को और गंभीर बना दिया है, जिससे दुष्कर्म के बाद हत्या की आशंका से इंकार नहीं किया जा रहा है। हालांकि, पुलिस ने कहा है कि सभी पहलुओं की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगी।

घटना की सूचना मिलते ही राजेश अग्रवाल, अमोलक सिंह सहित फोरेंसिक टीम और डॉग स्क्वॉड मौके पर पहुंच गए। टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। शुरुआती फुटेज में महिला को देर रात एक संदिग्ध व्यक्ति के साथ जाते हुए देखा गया है, जिसके आधार पर संदिग्ध की तलाश तेज कर दी गई है। स्थानीय पार्षद सतीष बारी ने बताया कि वार्डवासियों से सूचना मिलने के बाद पुलिस को जानकारी दी गई। उन्होंने भी घटना को बेहद गंभीर बताते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। शहर में इस घटना के बाद दहशत और आक्रोश का माहौल है।

© all rights reserved TODAY छत्तीसगढ़ 2018
todaychhattisgarhtcg@gmail.com