कबीरधाम। TODAY छत्तीसगढ़ / छत्तीसगढ़ के कबीरधाम जिले में एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक 27 वर्षीय महिला पर नाबालिग बालक के साथ अनाचार करने का आरोप लगा है। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर कार्रवाई करते हुए आरोपी महिला को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
मिली जानकारी के अनुसार, मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का है। पीड़ित नाबालिग ने अपनी शिकायत में बताया कि उसकी जान-पहचान आरोपी महिला से सोशल मीडिया के माध्यम से हुई थी। धीरे-धीरे दोनों के बीच बातचीत बढ़ी और वे एक-दूसरे से मिलने भी लगे। आरोप है कि 1 मार्च को महिला ने नाबालिग को पसंद करने की बात कहकर भावनात्मक दबाव बनाया और उसे भोरमदेव स्थित एक होटल में बुलाया। वहां उसने जबरन उसके साथ अनाचार किया। घटना के बाद महिला ने बालक को किसी को भी इस बारे में बताने पर डराया-धमकाया। मानसिक दबाव और भय के चलते पीड़ित कुछ समय तक चुप रहा, लेकिन बाद में उसने हिम्मत जुटाकर थाने में शिकायत दर्ज कराई।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 123/2026 के तहत मामला दर्ज करते हुए पोक्सो अधिनियम की धारा 4 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर जांच शुरू की। कबीरधाम पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच के बाद आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया। विधिसम्मत कार्रवाई करते हुए उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि सोशल मीडिया के जरिए होने वाले संपर्कों में सतर्कता बरतें और किसी भी प्रकार की आपराधिक या उत्पीड़न की घटना की जानकारी तत्काल पुलिस को दें।
------
आप अपने क्षेत्र का समाचार, जानकारी और सामाजिक सरोकार से जुड़े मुद्दों के बारे में हमें इस (9111607770) वाट्सअप नंबर पर सीधे भेज सकते हैं ।
आप इस लिंक https://chat.whatsapp.com/LR2h81C1Qhg3vliVzuyI2G पर क्लिक करें और सीधे वाट्सअप ग्रुप में जुड़े।
