पीएम मोदी से तीनों उपराज्यपालों की अलग-अलग मुलाकात


नयी दिल्ली।
 TODAY छत्तीसगढ़  / दिल्ली, लद्दाख और अंडमान-निकोबार द्वीप समूह के उपराज्यपालों ने शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से अलग-अलग मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने अपने-अपने क्षेत्रों से जुड़े प्रशासनिक और विकासात्मक विषयों पर चर्चा की।

प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) ने ‘एक्स’ पर दी जानकारी में बताया कि दिल्ली के उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू ने प्रधानमंत्री से शिष्टाचार भेंट की। इसी क्रम में लद्दाख के उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना और अंडमान-निकोबार द्वीप समूह के उपराज्यपाल एडमिरल डी. के. जोशी (सेवानिवृत्त) ने भी प्रधानमंत्री से अलग-अलग मुलाकात की।

बताया गया कि हाल ही में नियुक्ति के बाद यह मुलाकात औपचारिक परिचय और समन्वय के लिहाज से अहम मानी जा रही है। संधू और सक्सेना को पांच मार्च को संबंधित पदों पर नियुक्त किया गया था।

तरनजीत सिंह संधू इससे पहले अमेरिका में भारत के राजदूत रह चुके हैं। वहीं, विनय कुमार सक्सेना लद्दाख में नियुक्ति से पूर्व दिल्ली के उपराज्यपाल के पद पर कार्यरत थे।

तरबूज-ककड़ी की आड़ में उगाई जा रही थी अफीम, आमाघाट में पुलिस ने मारा छापा


रायगढ़ ।
  TODAY छत्तीसगढ़  /  जिले के तमनार ब्लॉक अंतर्गत आमाघाट क्षेत्र में अवैध अफीम की खेती का मामला सामने आया है। सूचना मिलते ही शुक्रवार को पुलिस एवं जिला प्रशासन की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची और कार्रवाई करते हुए करीब डेढ़ एकड़ में लहलहा रही अफीम की फसल को नष्ट करने की प्रक्रिया शुरू की गई। मामले में एक व्यक्ति को हिरासत में लिया गया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार झारखंड निवासी मार्शल सांगा पिछले 10-12 वर्षों से तमनार क्षेत्र में रहकर खेती कर रहा था। उसने आमाघाट के एक किसान से तरबूज एवं ककड़ी की खेती के नाम पर खेत लिया था, लेकिन वहां अवैध रूप से अफीम की खेती की जा रही थी। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। 

प्राथमिक जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी झारखंड में अफीम की खेती से परिचित था और वहीं से प्रेरित होकर उसने यहां इस अवैध गतिविधि को शुरू किया। फिलहाल खेत के वास्तविक स्वामित्व एवं इस खेती को किसके संरक्षण में किया जा रहा था, इसकी विस्तृत जांच की जा रही है। उल्लेखनीय है कि प्रदेश में पिछले 15 दिनों के भीतर यह अफीम की खेती का चौथा मामला है। इससे पहले दुर्ग एवं बलरामपुर जिले में भी इसी प्रकार की अवैध खेती पकड़ी जा चुकी है।

इधर, इस मामले को लेकर राजनीतिक बयानबाजी भी तेज हो गई है। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर राज्य सरकार पर अफीम की खेती को संरक्षण देने का आरोप लगाया है। पुलिस एवं प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध मादक पदार्थों की खेती के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

अवैध खनिज परिवहन पर विभाग की कार्रवाई, सरकंडा समेत कई क्षेत्रों में जांच


बिलासपुर ।
  TODAY छत्तीसगढ़  /   जिले में अवैध खनिज उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण के खिलाफ प्रशासन ने सख्ती बढ़ा दी है। कलेक्टर के निर्देश एवं उप संचालक के मार्गदर्शन में खनिज विभाग की टीम द्वारा विभिन्न क्षेत्रों में जांच अभियान चलाकर आठ वाहनों को जब्त किया गया है।

खनिज विभाग से मिली जानकारी के अनुसार निरतु, सेंदरी, तुरकाडीह, लोखंडी, कोनी, बिरकोना एवं सरकंडा क्षेत्रों में व्यापक जांच की गई। इस दौरान सरकंडा क्षेत्र में खनिज गिट्टी का अवैध परिवहन करते हुए दो हाइवा तथा रेत का परिवहन करते एक हाइवा वाहन को जब्त किया गया।

इसी प्रकार निरतु क्षेत्र से एक ट्रैक्टर-ट्रॉली, तुरकाडीह से एक ट्रैक्टर-ट्रॉली तथा लोखंडी क्षेत्र से एक हाइवा और एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को अवैध परिवहन करते पकड़ा गया। वहीं अशोक नगर क्षेत्र में मुरुम का अवैध परिवहन करते एक हाइवा वाहन को भी जब्त किया गया। कार्रवाई के दौरान कुल पांच हाइवा एवं तीन ट्रैक्टर-ट्रॉली सहित आठ वाहनों को जब्त कर पुलिस थाना सरकंडा एवं कोनी की अभिरक्षा में रखा गया है। खनिज विभाग के अधिकारियों ने बताया कि अवैध खनन एवं परिवहन के खिलाफ आगे भी इसी प्रकार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। 

----------------

आप अपने क्षेत्र का समाचार, जानकारी और सामाजिक सरोकार से जुड़े मुद्दों के बारे में हमें इस (9111607770) वाट्सअप नंबर पर सीधे भेज सकते हैं । 

आप इस लिंक https://chat.whatsapp.com/LR2h81C1Qhg3vliVzuyI2G पर क्लिक करें और सीधे वाट्सअप ग्रुप में जुड़े।

रिक्की पैनल से चल रहा था ऑनलाइन सट्टे का साम्राज्य, राजा बजाज और प्रदीप खत्री गिरफ्तार


बिलासपुर।
  TODAY छत्तीसगढ़  /  पुलिस के विशेष अभियान “प्रहार” के तहत ऑनलाइन सट्टा के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए सिविल लाइन थाना पुलिस एवं ए.सी.सी.यू. (सायबर सेल) की संयुक्त टीम ने एक संगठित गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक अन्य आरोपी को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है।

मुखबिर से सूचना मिली कि बिलासपुर एवं आसपास क्षेत्रों में ऑनलाइन गेमिंग प्लेटफॉर्म के माध्यम से सट्टा संचालित किया जा रहा है। कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आरोपी राजेश उर्फ राजा बजाज (34) निवासी मोपका एवं प्रदीप खत्री (34) निवासी मंगला को गिरफ्तार किया। बताया जाता है कि मुख्य आरोपी राजेश बजाज पुलिस से बचने के लिए रायपुर में ठिकाना बदल-बदलकर रह रहा था। उसकी गिरफ्तारी के लिए पूर्व में ₹5000 का इनाम भी घोषित किया गया था। 

पुलिस के अनुसार आरोपी “रिक्की” पैनल के माध्यम से Aviator, Wingo, Casino, Horse Riding जैसे ऑनलाइन गेम्स पर सट्टा संचालित करते थे। इसके लिए टेलीग्राम के जरिए देशभर में ग्राहकों को जोड़ा जाता था तथा व्हाट्सएप के माध्यम से लिंक भेजकर उन्हें प्लेटफॉर्म तक पहुंचाया जाता था।

आरोपियों के कब्जे से ₹6.90 लाख नकद, महंगे मोबाइल फोन, एचपी पवेलियन लैपटॉप, पांच बैंक पासबुक, पांच चेकबुक, तीन कारें, एक स्कूटी एवं दो रजिस्टर जब्त किए गए हैं, जिनमें लाखों रुपये के लेन-देन का हिसाब दर्ज है। जब्त सामग्री की कुल अनुमानित कीमत लगभग ₹45 लाख बताई जा रही है।

पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी फर्जी सिम कार्ड एवं बैंक खातों के माध्यम से लेन-देन करते थे तथा मुनाफे का 65 प्रतिशत हिस्सा हेड ऑफिस और 35 प्रतिशत ब्रांच को मिलता था।

पुलिस ने बताया कि आरोपियों के बैंक खातों में लाखों रुपये के ट्रांजेक्शन मिले हैं, जिनकी विस्तृत जांच की जा रही है। साथ ही अवैध रूप से अर्जित चल-अचल संपत्तियों की पहचान कर उनके विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस आगे की जांच में जुटी हुई है।  


© all rights reserved TODAY छत्तीसगढ़ 2018
todaychhattisgarhtcg@gmail.com