बाल विवाह मुक्त अभियान के तहत एक दिवसीय कार्यशाला आयोजित


बिलासपुर।
  TODAY छत्तीसगढ़  /  महिला एवं बाल विकास विभाग के सहयोग से लॉ स्टूडेंट्स, एमएसडब्ल्यू स्टूडेंट्स एवं युवोदय वॉलंटियर्स के लिए एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन जल संसाधन विभाग के प्रार्थना सभा भवन में किया गया। यह कार्यशाला विशेष रूप से लॉ स्टूडेंट्स, एमएसडब्ल्यू स्टूडेंट्स एवं युवोदय वॉलंटियर्स के लिए आयोजित की गई थी। जिले के विभिन्न विकासखंडों से प्रतिभागियों को आमंत्रित किया गया था और प्रशिक्षण का मुख्य फोकस इन्हीं पर केंद्रित रहा।

   कार्यक्रम “बाल विवाह मुक्त अभियान” के अंतर्गत आयोजित किया गया, जिसमें युवाओं की भूमिका को विशेष रूप से रेखांकित किया गया। प्रशिक्षण मुख्य रूप से लॉ स्टूडेंट्स, एमएसडब्ल्यू स्टूडेंट्स एवं युवोदय वॉलंटियर्स को प्रदान किया गया, ताकि वे अपने-अपने क्षेत्रों में बाल विवाह की रोकथाम, बाल संरक्षण मामलों की पहचान तथा आवश्यक कानूनी एवं प्रशासनिक प्रक्रिया को प्रभावी ढंग से समझकर जागरूकता एवं सहयोग की भूमिका निभा सकें। इस अवसर पर श्री शशांक शर्मा एवं एनी रोज टोडर द्वारा प्रतिभागियों को विस्तारपूर्वक प्रशिक्षण दिया गया। सत्र में बाल विवाह से संबंधित कानूनी प्रावधान, फोस्टर केयर एवं स्पॉन्सरशिप की प्रक्रिया, जोखिमग्रस्त बच्चों की पहचान, समय पर रिपोर्टिंग एवं विभागीय समन्वय जैसे विषयों पर स्पष्ट मार्गदर्शन प्रदान किया गया।

   कार्यशाला में स्कूल के छात्र-छात्राओं की भी उपस्थिति रही, जिससे जागरूकता का सकारात्मक वातावरण बना। साथ ही डीसीपीयू विभाग के सभी संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे और उन्होंने भी अपने स्तर से मार्गदर्शन साझा किया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं एवं वॉलंटियर्स को सशक्त बनाना था, ताकि वे अपने क्षेत्र में बाल विवाह मुक्त समाज की दिशा में सक्रिय भूमिका निभा सकें तथा बाल संरक्षण तंत्र को मजबूत करने में सहयोगी बन सकें।

-----------------------

आप अपने क्षेत्र का समाचार, जानकारी और सामाजिक सरोकार से जुड़े मुद्दों के बारे में हमें इस (9111607770) वाट्सअप नंबर पर सीधे भेज सकते हैं । 

आप इस लिंक https://chat.whatsapp.com/LR2h81C1Qhg3vliVzuyI2G पर क्लिक करें और सीधे वाट्सअप ग्रुप में जुड़े। आपका साथ, सहयोग मुझे न सिर्फ हिम्मत देगा बल्कि आप सभी के मार्गगदर्शन से मैं अधिक बेहतर कर सकूंगा। 

खेल के मैदान से मिलता है स्वास्थ्य, समन्वय और सफलता का मंत्र : अरुण साव


बिलासपुर। 
TODAY छत्तीसगढ़  /  उप मुख्यमंत्री तथा खेल एवं युवा कल्याण मंत्री  अरुण साव ने शुक्रवार को रायपुर प्रेस क्लब द्वारा सुभाष स्टेडियम में आयोजित स्वर्गीय कुलदीप निगम स्मृति इंटर-प्रेस क्रिकेट टूर्नामेंट के फाइनल मुकाबले में पहुंचकर पत्रकार खिलाड़ियों से आत्मीय मुलाकात की और उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने खेल मड़ई के सफल आयोजन के लिए रायपुर प्रेस क्लब और पत्रकारों को बधाई दी।

इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री श्री साव ने फाइनल मैच खेल रही संयुक्त इलेक्ट्रॉनिक टीम के कप्तान एवं प्रेस क्लब अध्यक्ष श्री मोहन तिवारी तथा विस्तार न्यूज टीम के कप्तान श्री मृगेंद्र पांडेय सहित दोनों टीमों के खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उन्हें शुभकामनाएं दीं। संयुक्त इलेक्ट्रॉनिक टीम ने विस्तार न्यूज को पराजित कर खिताब अपने नाम किया।

उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव ने सुभाष स्टेडियम में पत्रकारों को संबोधित करते हुए कहा कि खेल का मैदान व्यक्ति को जीवन की अनमोल पूंजी प्रदान करता है। खेल हमें अच्छा स्वास्थ्य देता है, अच्छे दोस्त देता है, समन्वय की भावना सिखाता है और संबंधों को मजबूत बनाता है। जब व्यक्ति को यह सब मिलता है तो वह जीवन में प्रसन्न रहता है, खुशहाल रहता है और निरंतर तरक्की की ओर अग्रसर होता है।

श्री साव ने रायपुर प्रेस क्लब द्वारा पिछले कई दिनों से आयोजित इस खेल मड़ई की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन आपसी स्नेह को बढ़ाते हैं और स्वस्थ जीवन-शैली के लिए प्रेरित करते हैं। पत्रकारिता जैसे दायित्वपूर्ण क्षेत्र में सक्रिय साथियों के लिए शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ रहना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि सभी पत्रकार साथी इसी तरह मुस्कुराते रहें, स्वस्थ रहें और अपनी जिम्मेदारियों का बखूबी निर्वहन करते रहें।

-----------------------

आप अपने क्षेत्र का समाचार, जानकारी और सामाजिक सरोकार से जुड़े मुद्दों के बारे में हमें इस (9111607770) वाट्सअप नंबर पर सीधे भेज सकते हैं । 

आप इस लिंक https://chat.whatsapp.com/LR2h81C1Qhg3vliVzuyI2G पर क्लिक करें और सीधे वाट्सअप ग्रुप में जुड़े। आपका साथ, सहयोग मुझे न सिर्फ हिम्मत देगा बल्कि आप सभी के मार्गगदर्शन से मैं अधिक बेहतर कर सकूंगा। 

बिलासा देवी केवट एयरपोर्ट पर पहली बार नाइट लैंडिंग ट्रायल सफल

बिलासपुर।  TODAY छत्तीसगढ़  /  बिलासा देवी केवट एयरपोर्ट पर शुक्रवार को पहली बार रात्रिकालीन उड़ान (नाइट लैंडिंग) का सफल ट्रायल किया गया। स्टेट प्लेन से किए गए इस परीक्षण के सफल रहने के साथ ही बिलासपुर हवाई सेवाओं के विस्तार की दिशा में एक नए दौर में प्रवेश कर गया है।

ट्रायल के दौरान रनवे लाइटिंग सिस्टम, एप्रोच लाइट्स, एयर ट्रैफिक समन्वय सहित सभी तकनीकी मानकों की जांच की गई, जो पूरी तरह संतोषजनक पाए गए। अधिकारियों ने इसे बिलासपुर के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि बताते हुए कहा कि नाइट लैंडिंग सुविधा शुरू होने से यात्रियों को अधिक उड़ान विकल्प मिल सकेंगे।

इस अवसर पर एयरपोर्ट डायरेक्टर एन. बिरेन सिंह, नागर विमानन सुरक्षा ब्यूरो रायपुर के क्षेत्रीय निदेशक सहित एयरपोर्ट के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। अधिकारियों के अनुसार, नाइट लैंडिंग सुविधा शुरू होने से क्षेत्र के औद्योगिक, व्यावसायिक और पर्यटन गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा। 

एयरपोर्ट प्रशासन ने बताया कि आवश्यक औपचारिकताओं और अंतिम स्वीकृति मिलने के बाद नियमित रूप से रात्रिकालीन उड़ानों का संचालन शुरू किया जाएगा। यह सफल ट्रायल बिलासपुर के बुनियादी ढांचे और विकास के लिए महत्वपूर्ण मील का पत्थर माना जा रहा है।

घंटों में गुम नाबालिग को पुलिस ने किया बरामद, घुटकु रेलवे स्टेशन के पास मिली


बिलासपुर।
  TODAY छत्तीसगढ़  / शहर के थाना कोनी क्षेत्र से गुम हुई नाबालिग बालिका को पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चंद घंटों के भीतर सुरक्षित बरामद कर लिया। पूछताछ में सामने आया कि बालिका पारिवारिक कारणों से नाराज होकर घर से निकली थी और ट्रेन से कहीं जाने की तैयारी में थी। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई के बाद उसे स्वजन के सुपुर्द कर दिया।

पुलिस के अनुसार, आज 20 फरवरी को प्रार्थी ने थाना कोनी में रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसकी 15 वर्ष 6 माह की नाबालिग पुत्री ग्राम निरतू स्थित दामाद के घर से बिना बताए कहीं चली गई है। प्रार्थी ने आशंका जताई कि कोई अज्ञात व्यक्ति उसे बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया है। रिपोर्ट पर पुलिस ने अपराध कायम कर जांच शुरू की और मामले की जानकारी वरिष्ठ अधिकारियों को दी।

पुलिस टीम ने एफआईआर दर्ज होने के बाद तत्काल पतासाजी शुरू की। इसी दौरान सूचना मिली कि नाबालिग घुटकु रेलवे स्टेशन के आसपास देखी गई है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर सघन तलाशी अभियान चलाया और नाबालिग को सुरक्षित बरामद कर लिया। पूछताछ में नाबालिग ने बताया कि वह पारिवारिक कारणों से नाराज होकर घर से निकली थी। थाना कोनी पुलिस ने आवश्यक वैधानिक कार्रवाई पूरी कर नाबालिग को उसके स्वजन के सुपुर्द कर दिया है।

-------------------

आप अपने क्षेत्र का समाचार, जानकारी और सामाजिक सरोकार से जुड़े मुद्दों के बारे में हमें इस (9111607770) वाट्सअप नंबर पर सीधे भेज सकते हैं । 

आप इस लिंक https://chat.whatsapp.com/LR2h81C1Qhg3vliVzuyI2G पर क्लिक करें और सीधे वाट्सअप ग्रुप में जुड़े। आपका साथ, सहयोग मुझे न सिर्फ हिम्मत देगा बल्कि आप सभी के मार्गगदर्शन से मैं अधिक बेहतर कर सकूंगा। 

© all rights reserved TODAY छत्तीसगढ़ 2018
todaychhattisgarhtcg@gmail.com