भिलाई स्टील प्लांट से करोड़ों का लोहा चोरी, पुलिस ने माफिया पकड़ा


भिलाई।
  TODAY छत्तीसगढ़  /  भिलाई इस्पात संयंत्र (बीएसपी) से संगठित तरीके से लौह स्क्रैप चोरी करने वाले गिरोह का पुलिस ने बड़ा खुलासा करते हुए चार आरोपियों  मीथेन ठाकुर, चिंतानंद साहू, गीतेश वर्मा और ⁠निर्मल सिंह को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से करीब 250 टन लौह स्क्रैप, कई भारी वाहन और मशीनें जब्त की गई हैं। जब्त मशरूका की कुल कीमत लगभग 3 करोड़ 22 लाख रुपये आंकी गई है।

पुलिस के मुताबिक आरोपी पिछले चार-पांच महीनों से बीएसपी प्लांट से फ्लू डस्ट की आड़ में लोहे का सामान चोरी कर बाहर भेज रहे थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में विशेष जांच टीम गठित की गई है। प्रकरण में संगठित अपराध की धाराएं भी जोड़ी गई हैं। गिरफ्तार आरोपियों में मीथेन ठाकुर, चिंतानंद साहू, गीतेश वर्मा और ⁠निर्मल सिंह शामिल हैं।

पुलिस को 26 मई को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम अकलोरडीह खदान पारा स्थित ए.के. ट्रेडर्स स्क्रैप यार्ड में संदिग्ध गतिविधियां चल रही हैं। जांच के दौरान वहां खड़े हाईवा और ट्रकों में फ्लू डस्ट के साथ लोहे की प्लेट कटिंग और बीम भरी मिली। मौके पर भारी मात्रा में लोहे का स्क्रैप, कटिंग सामग्री और उसे लोड करने के लिए जेसीबी, हाइड्रा और अन्य मशीनें मौजूद थीं।

जांच में सामने आया कि फ्लू डस्ट के नीचे चोरी का लौह स्क्रैप छिपाकर बाहर भेजा जाता था ताकि जांच एजेंसियों को शक न हो। पुलिस ने मौके से दो हाईवा, दो ट्रक, एक टाटा 1109, टाटा एस, जेसीबी, हाइड्रा और चैन माउंटेन मशीन सहित कई वाहन जब्त किए हैं।

पुलिस के अनुसार बरामद लोहे की प्लेट और बीम कटिंग का वजन करीब 250 टन है, जिसकी कीमत लगभग 90 लाख रुपये बताई गई है। जबकि जब्त वाहनों और मशीनों को मिलाकर कुल कीमत करीब 3.22 करोड़ रुपये आंकी गई है।

थाना पुरानी भिलाई में आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 277/2026 के तहत धारा 303(2), 317(4), 3(5) और 112 बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया है। चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस अब पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है और इस संगठित स्क्रैप सिंडिकेट से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका भी खंगाली जा रही है।

सड़क पर तलवार लहराकर मचा रहे थे आतंक, पुलिस ने दबोचा

बिलासपुर। TODAY छत्तीसगढ़  /  सरकंडा थाना पुलिस ने अवैध हथियार लेकर राहगीरों, महिलाओं और बच्चों को डराने-धमकाने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों के कब्जे से धारदार तलवार और चापड़ बरामद कर आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है।

पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों में मोहम्मद बाबू अंसारी उर्फ करीम और राजा ठाकुर निवासी सूर्या चौक चिंगराजपारा शामिल हैं। दोनों आरोपी सरकंडा क्षेत्र के निवासी हैं।

जानकारी के अनुसार 27 मई को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि रामायण चौक और पटवारी प्रशिक्षण केंद्र के पास दो युवक हाथ में धारदार हथियार लेकर लोगों को डरा-धमका रहे हैं तथा गाली-गलौज कर रहे हैं। सूचना मिलते ही सरकंडा पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को पकड़ लिया।

तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से लोहे की धारदार तलवार और चापड़ बरामद किया गया। पुलिस ने दोनों के खिलाफ धारा 25 और 27 आर्म्स एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया, जहां से न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में जिले में असामाजिक तत्वों और अवैध हथियार रखने वालों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। सार्वजनिक स्थानों पर हथियार लहराकर दहशत फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

ट्रकों से डीजल चोरी कर मचाते थे आतंक, पुलिस ने गिरोह का किया पर्दाफाश

बिलासपुर। TODAY छत्तीसगढ़  / हाईवे किनारे खड़े ट्रकों से डीजल लूटपाट और चोरी करने वाले संगठित गिरोह का बिलासपुर पुलिस ने पर्दाफाश करते हुए तीन शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त स्कॉर्पियो और रेनॉल्ट ट्राइबर वाहन, एक धारदार चाकू, 74 लीटर डीजल और नगदी रकम बरामद की गई है। पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों में संजय कुर्रे, मणिशंकर कुर्रे और अमित भारद्वाज शामिल हैं। तीनों आरोपी जांजगीर-चांपा जिले के बगडबरी गांव के निवासी हैं।

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी रात्रि के समय स्कॉर्पियो और रेनॉल्ट ट्राइबर वाहन से हाईवे किनारे खड़े ट्रकों को निशाना बनाते थे। ट्रकों की डीजल टंकी तोड़कर ड्रम में डीजल भर लेते और विरोध करने पर मारपीट भी करते थे।

पुलिस के अनुसार 18 मई को सिरगिट्टी क्षेत्र में बेवरेज कॉर्पोरेशन के सामने खड़े वाहन से डीजल चोरी के दौरान विरोध करने पर आरोपियों ने चालक के साथ मारपीट की थी। वहीं 24 मई को कोनी क्षेत्र में ट्रेलर की टंकी तोड़कर करीब 100 लीटर डीजल लूट लिया गया था। इससे पहले 28 मार्च को सेंदरी के पास नेशनल हाईवे पर खड़े ट्रेलर से करीब 270 लीटर डीजल चोरी किया गया था।

लगातार हो रही घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर एसीसीयू और थाना सिरगिट्टी पुलिस की संयुक्त टीम गठित की गई। टीम ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्य और पुराने मामलों का विश्लेषण कर आरोपियों तक पहुंच बनाई। पूछताछ में आरोपियों ने बेमेतरा, बलौदाबाजार, कवर्धा, महासमुंद, रायगढ़, कोरबा, सकरी बायपास, सरगांव, जांजगीर और कोनी हाईवे क्षेत्र में भी इसी तरह की वारदातें करना स्वीकार किया है।

पुलिस ने आरोपी अमित भारद्वाज के कब्जे से रेनॉल्ट ट्राइबर और 600 रुपये नगद, संजय कुर्रे के पास से स्कॉर्पियो, चाकू और 800 रुपये नगद तथा मणीशंकर कुर्रे के पास से 1200 रुपये बरामद किए। इसके अलावा 74 लीटर डीजल भी जप्त किया गया। पुलिस का कहना है कि गिरोह के अन्य सदस्यों की पहचान कर ली गई है और पूरे सिंडिकेट को ध्वस्त करने के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

शराब, विवाद और मौत… पुलिस ने किया हत्याकांड का खुलासा

रायगढ़। TODAY छत्तीसगढ़  / खरसिया थाना क्षेत्र के ग्राम गुरदा में 16 वर्षीय किशोर के शव मिलने के मामले में पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस जांच में सामने आया कि शराब पार्टी के दौरान हुए विवाद में किशोर की बेरहमी से पिटाई की गई, जिससे उसकी मौत हो गई। बाद में आरोपियों ने शव को छिपाकर मामले को दुर्घटना का रूप देने की कोशिश की।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देश में खरसिया पुलिस ने इस अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझाई। गिरफ्तार आरोपियों में चन्द्रशेखर उर्फ चंदा डनसेना, रघुसिंह उर्फ रघुनाथ राठिया और एक विधि से संघर्षरत बालक को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के मुताबिक 25 मई को ग्राम गुरदा के डोगरमुड़ा खार स्थित बरगद पेड़ के नीचे एक किशोर का शव मिलने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंची पुलिस और एफएसएल टीम ने जांच शुरू की। मृतक की पहचान ग्राम बरभौना निवासी 16 वर्षीय किशोर के रूप में हुई। मृतक के बड़े भाई ने पुलिस को बताया कि 24 मई की सुबह गांव का ऋषि डड़सेना उसे अपनी पल्सर मोटरसाइकिल में बैठाकर काम कराने ले गया था। देर रात तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने खोजबीन की, जिसके बाद अगले दिन खेत में शव मिला।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत की प्रकृति हत्यात्मक पाए जाने के बाद पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच तेज की। पूछताछ में ऋषि डनसेना ने बताया कि उसने मृतक को अपने साथियों चन्द्रशेखर, रघुनाथ और एक नाबालिग के पास छोड़ दिया था। बाद में फोन करने पर उसे झगड़े और मारपीट की आवाज सुनाई दी थी।

पुलिस ने संदेहियों को हिरासत में लेकर अलग-अलग पूछताछ की, जिसमें आरोपियों ने हत्या करना स्वीकार कर लिया। उन्होंने बताया कि सभी लोग खेत में बैठकर शराब पी रहे थे। इसी दौरान चखना के लिए आम तोड़ने की बात को लेकर विवाद शुरू हुआ, जो मारपीट में बदल गया। आरोपियों ने किशोर के साथ हाथ-मुक्कों से बेरहमी से मारपीट की। मारपीट के दौरान किशोर खेत की मेड़ से फिसलकर तालाब की ओर गिर पड़ा और गंभीर चोट लगने से उसकी मौत हो गई।


© all rights reserved TODAY छत्तीसगढ़ 2018
todaychhattisgarhtcg@gmail.com