पेंड्रा। TODAY छत्तीसगढ़ / (शरद अग्रवाल) । पेंड्रा इलाके के आमाडांड और बसंतपुर गांव में मंगलवार सुबह उस समय दहशत फैल गई, जब जंगल से भटककर एक दुर्लभ सफेद भालू आबादी क्षेत्र में पहुंच गया। गांव के मेन चौक और बस स्टैंड के पास भालू को घूमते देख लोगों में अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार सुबह करीब 5 बजे आमाडांड क्षेत्र में स्कूल के सामने रहने वाले कैलाश कुमार कासीपुरी शौच के लिए घर से बाहर निकले थे। इसी दौरान सफेद भालू ने अचानक उन पर हमला कर दिया। भालू के पंजे के वार से कैलाश के बाएं हाथ में गंभीर चोट आई है। बताया जा रहा है कि भालू ने अन्य ग्रामीणों को भी दौड़ाया, जिससे लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।
घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम और डिप्टी रेंजर बंजारा मौके पर पहुंचे। वन अमले ने स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया और घायल युवक को तत्काल पेंड्रा अस्पताल भेजा, जहां उसका इलाज जारी है। उधर, गांव के पास सफेद भालू दिखाई देने की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में लोग उसे देखने पहुंच गए, जिससे स्थिति और संवेदनशील हो गई। वन विभाग की टीम लगातार भालू की गतिविधियों पर नजर रखे हुए है।
घटना के बाद ग्रामीणों में वन विभाग के खिलाफ भारी नाराजगी देखने को मिली। ग्रामीणों का आरोप है कि जंगलों में लगातार लग रही आग और अंधाधुंध कटाई के कारण वन्य जीव अपने प्राकृतिक आवास छोड़कर गांवों की ओर आने को मजबूर हो रहे हैं। लोगों ने वन विभाग की निगरानी व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए जंगलों की आग पर नियंत्रण, वन्य जीवों की सुरक्षा और गांवों में गश्त बढ़ाने की मांग की है।




