शराब दुकान के बाहर खूनी हमला, फरार आरोपी गिरफ्तार


बिलासपुर। 
 TODAY छत्तीसगढ़  /   थाना कोनी पुलिस ने गंभीर मारपीट के मामले में फरार चल रहे आरोपी को मध्यप्रदेश से गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आरोपी पर शराब दुकान के सामने युवक पर बियर बोतल से हमला कर गंभीर चोट पहुंचाने का आरोप है।

जानकारी के अनुसार महेंद्र सूर्यवंशी ने थाना कोनी में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसके भाई दीपक भार्गव के साथ आरोपी शिवा सिंह ठाकुर एवं अर्जुन सिंह ठाकुर निवासी पौंसरा ने शराब दुकान के सामने हाथ-मुक्कों और बियर की बोतल से मारपीट की। हमले में दीपक भार्गव के सिर में गंभीर चोट आई थी।

मामले में पुलिस ने तत्काल अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। चिकित्सकीय रिपोर्ट और डॉक्टर की राय के आधार पर घायल की चोट गंभीर पाए जाने पर प्रकरण में धारा 109 बीएनएस जोड़ी गई।

घटना के बाद से आरोपी अर्जुन सिंह ठाकुर फरार चल रहा था। उसकी लगातार तलाश की जा रही थी। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर थाना कोनी पुलिस ने आरोपी को मध्यप्रदेश के अनूपपुर जिले से गिरफ्तार कर लिया।

मां ने शराब पीने से रोका, बेटे ने उतार दिया मौत के घाट


रायगढ़।
  TODAY छत्तीसगढ़  /  धरमजयगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम चिकटवानी मुडाडीपा में वृद्ध महिला की हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने हत्या के आरोप में मृतिका के बेटे को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

जानकारी के मुताबिक 70 वर्षीय श्रीमती मेरीना लकड़ा अपने घर में खून से लथपथ मृत अवस्था में मिली थीं। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर   पहुँची । जांच के दौरान मृतिका के सिर, माथे और कान के ऊपर गंभीर चोट के निशान पाए गए। वहीं उनकी 10 वर्षीय नातिन अगोस्टिना लकड़ा भी सिर में गंभीर चोट लगने से बेहोश हालत में मिली, जिसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया।

पुलिस ने मर्ग कायम कर अज्ञात आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की। विवेचना के दौरान संदेह मृतिका के बेटे संदीप लकड़ा पर गया। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की, जहां उसने अपराध स्वीकार कर लिया। 

आरोपी ने बताया कि वह ड्राइवरी का काम करता है और घटना के दिन शराब के नशे में था। उसकी मां ने शराब पीने को लेकर डांटा था, जिससे वह आक्रोशित हो गया। गुस्से में उसने घर में रखे लकड़ी के डंडे से अपनी मां पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। इस दौरान बीच-बचाव करने आई बेटी अगोस्टिना पर भी उसने हमला कर दिया। घायल बच्ची किसी तरह वहां से भागकर दूसरे घर पहुंची।

पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त लकड़ी का डंडा बरामद कर लिया है। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि घरेलू हिंसा और हत्या जैसे अपराधों पर रायगढ़ पुलिस की जीरो टॉलरेंस नीति है और ऐसे मामलों में त्वरित कार्रवाई जारी रहेगी।

‘गलत हरकत’ रोकने पर युवक ने मालिक पर किया चाकू से हमला

बिलासपुर। TODAY छत्तीसगढ़  /  सिरगिट्टी थाना क्षेत्र के बन्नाक चौक स्थित सरस्वती स्टील के संचालक पर चाकू से हमला करने का मामला सामने आया है। घटना में घायल कारोबारी को पैर में चोट आई है। पुलिस ने मामले में एक संदेही को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

पुलिस के मुताबिक 17 मई को सूचना मिली थी कि सरस्वती स्टील के मालिक गुड्डू मिश्रा को किसी अज्ञात युवक ने चाकू मार दिया है। सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की गई। जांच में पता चला कि सरस्वती स्टील में काम करने वाले एक कर्मचारी को मालिक द्वारा रहने के लिए कमरा दिया गया था। कर्मचारी अपनी पत्नी के साथ बाजार गया था और कमरे की चाबी अपने एक दोस्त को दे गया था। बताया गया कि उक्त युवक अपनी प्रेमिका या मंगेतर को लेकर कमरे में आया हुआ था।

 इसी दौरान स्टील कारोबारी गुड्डू मिश्रा वहां पहुंचे और युवक को इस तरह की गतिविधियां नहीं करने की समझाइश दी। उस समय युवक वहां से चला गया, लेकिन प्रेमिका के सामने टोके जाने से वह नाराज हो गया। कुछ देर बाद युवक चाकू लेकर वापस आया और “चाचा दरवाजा खोलो” कहकर दरवाजा खुलवाया। जैसे ही दरवाजा खुला, उसने गुड्डू मिश्रा पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में कारोबारी की जांघ में घुटने के ऊपर चोट आई। घटना के बाद आरोपी अपने साथियों के साथ फरार हो गया।

पुलिस ने मामले में थाना सिरगिट्टी में अपराध क्रमांक 363/2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत मामला कायम किया है। फिलहाल पुलिस एक संदेही युवक से पूछताछ कर रही है और अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। (सांकेतिक तस्वीर / एआई ) 

हाईप्रोफाइल जुआ पार्टी पर रेड, वृंदावन ग्रीन फार्म के मालिक समेत 8 गिरफ्तार


बिलासपुर।
  TODAY छत्तीसगढ़  / जिले के ग्राम गतोरी स्थित वृंदावन ग्रीन फार्म हाउस में चल रहे जुए के बड़े फड़ पर पुलिस ने छापा मारकर आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई सीएसपी सिविल लाइन और एसडीओपी कोटा के नेतृत्व में की गई।

पुलिस को सूचना मिली थी कि वृंदावन ग्रीन फार्म हाउस में बड़े स्तर पर जुआ खेला जा रहा है। सूचना पर संयुक्त टीम ने मौके पर दबिश दी, जहां कई लोग नगदी रकम के साथ जुआ खेलते मिले।

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने फार्म हाउस संचालक मनीष शर्मा समेत कुल आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों में रोशन सिंह, मुन्ना गोयल, विकास सिंह, मनीष शर्मा, नीरज शर्मा, दीपक अग्रवाल, चंद्रकिशन अग्रवाल और मयंक सोनकर शामिल हैं। मौके से पुलिस ने 3 लाख 80 हजार रुपये नगद, 11 मोबाइल फोन और 5 चारपहिया वाहन जब्त किए हैं। जब्त संपत्ति की कुल कीमत करीब 40 लाख रुपये बताई जा रही है।

पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ गैर-जमानती धाराओं के तहत मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। घटना के बाद क्षेत्र में चर्चा का माहौल है।  

हाइलाइट्स - 

गिरफ्तार आरोपी - 1.रोशन सिंह उम्र 38 साल निवासी ओमनगर थाना सिविल लाइंस बिलासपुर 

2 मुन्ना गोयल निवासी राजीव गांधी चौक थाना सिविल लाइंस 982

3 विकास सिंह निवासी दीनदयाल कॉलोनी मंगला 

4 मनीष शर्मा शर्मा उम्र 42 साल विद्या नगर तारबहार 

5 नीरज शर्मा शर्मा उम्र 42 साल निवासी विद्या नगर थाना तारबहार 

6 दीपक अग्रवाल उम्र 37 साल निवासी रामा लाइफ सिटी सकरी

7 चंद्रकिशन अग्रवाल निवासी तखतपुर बिलासपुर 

© all rights reserved TODAY छत्तीसगढ़ 2018
todaychhattisgarhtcg@gmail.com