Slider

मां ने शराब पीने से रोका, बेटे ने उतार दिया मौत के घाट

धरमजयगढ़ में दिल दहला देने वाली वारदात, बेटे ने मां को पीट-पीटकर मार डाला


रायगढ़।
  TODAY छत्तीसगढ़  /  धरमजयगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम चिकटवानी मुडाडीपा में वृद्ध महिला की हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने हत्या के आरोप में मृतिका के बेटे को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

जानकारी के मुताबिक 70 वर्षीय श्रीमती मेरीना लकड़ा अपने घर में खून से लथपथ मृत अवस्था में मिली थीं। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर   पहुँची । जांच के दौरान मृतिका के सिर, माथे और कान के ऊपर गंभीर चोट के निशान पाए गए। वहीं उनकी 10 वर्षीय नातिन अगोस्टिना लकड़ा भी सिर में गंभीर चोट लगने से बेहोश हालत में मिली, जिसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया।

पुलिस ने मर्ग कायम कर अज्ञात आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की। विवेचना के दौरान संदेह मृतिका के बेटे संदीप लकड़ा पर गया। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की, जहां उसने अपराध स्वीकार कर लिया। 

आरोपी ने बताया कि वह ड्राइवरी का काम करता है और घटना के दिन शराब के नशे में था। उसकी मां ने शराब पीने को लेकर डांटा था, जिससे वह आक्रोशित हो गया। गुस्से में उसने घर में रखे लकड़ी के डंडे से अपनी मां पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। इस दौरान बीच-बचाव करने आई बेटी अगोस्टिना पर भी उसने हमला कर दिया। घायल बच्ची किसी तरह वहां से भागकर दूसरे घर पहुंची।

पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त लकड़ी का डंडा बरामद कर लिया है। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि घरेलू हिंसा और हत्या जैसे अपराधों पर रायगढ़ पुलिस की जीरो टॉलरेंस नीति है और ऐसे मामलों में त्वरित कार्रवाई जारी रहेगी।

© all rights reserved TODAY छत्तीसगढ़ 2018
todaychhattisgarhtcg@gmail.com