DMF घोटाला: पूर्व IAS अनिल टुटेजा को सुप्रीम कोर्ट से जमानत

नई दिल्ली / रायपुर।  TODAY छत्तीसगढ़  /  छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित DMF (डिस्ट्रिक्ट मिनरल फाउंडेशन) घोटाला मामले में पूर्व IAS अधिकारी अनिल टुटेजा को सुप्रीम कोर्ट से बड़ी राहत मिली है। सुप्रीम कोर्ट ने उन्हें जमानत दे दी है। चीफ जस्टिस सूर्यकांत और जस्टिस जॉयमल्या बागची की बेंच ने मामले की सुनवाई करते हुए कहा कि आरोप गंभीर जरूर हैं, लेकिन इनकी अंतिम पुष्टि ट्रायल के दौरान ही होगी।

बताया गया कि अनिल टुटेजा को इस मामले में 23 फरवरी 2026 को गिरफ्तार किया गया था, जबकि वे 21 अप्रैल 2024 से ही न्यायिक रिमांड पर जेल में बंद हैं। सुनवाई के दौरान राज्य सरकार की ओर से 2019 के कुछ व्हाट्सएप मैसेज का हवाला देते हुए आरोपों की गंभीरता बताई गई। वहीं, टुटेजा की ओर से पेश वरिष्ठ अधिवक्ता ने अदालत को बताया कि मामले में सह-आरोपियों को पहले ही जमानत मिल चुकी है। साथ ही केस में 85 गवाहों की जांच होना बाकी है, जिससे ट्रायल पूरा होने में लंबा समय लग सकता है।

सुप्रीम कोर्ट ने अपने आदेश में कहा कि मामले की सुनवाई और अंतिम निर्णय आने में काफी समय लगने की संभावना है। ऐसे में मेरिट पर कोई टिप्पणी किए बिना अनिल टुटेजा को जमानत दिया जाना उचित होगा। DMF घोटाला छत्तीसगढ़ के चर्चित आर्थिक मामलों में शामिल रहा है, जिसमें खनिज निधि के दुरुपयोग और अनियमितताओं के आरोप लगाए गए हैं।

गौरव पथ या भ्रष्टाचार पथ ? सड़क की हालत देख भड़के ग्रामीण

बिलासपुर।  TODAY छत्तीसगढ़  /  तखतपुर विधानसभा क्षेत्र में मुख्यमंत्री गौरव पथ योजना के तहत बनाई गई सड़क अब भ्रष्टाचार और घटिया निर्माण के आरोपों में घिर गई है। ग्राम पंचायत नेवरा में करीब 36 लाख रुपए की लागत से बनी लगभग 450 मीटर लंबी सड़क निर्माण के महज एक महीने बाद ही उधड़ने लगी है।

ग्रामीणों का आरोप है कि सड़क निर्माण में गुणवत्ता मानकों की अनदेखी करते हुए निम्न स्तर की सामग्री का इस्तेमाल किया गया। सड़क की ऊपरी परत जगह-जगह से उखड़ने लगी है, जिससे निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क बनने के दौरान भी कई बार अनियमितताओं की शिकायत की गई थी, लेकिन जिम्मेदार अधिकारियों ने ध्यान नहीं दिया। अब सड़क की हालत देखकर ग्रामीणों में भारी नाराजगी है।

मामले को लेकर ग्रामीणों और सामाजिक संगठनों  ने कलेक्टर से शिकायत कर निर्माण कार्य की उच्चस्तरीय जांच कराने, संबंधित ठेकेदार और अधिकारियों पर कार्रवाई करने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि सरकार विकास कार्यों के लिए करोड़ों रुपए खर्च कर रही है, लेकिन जिम्मेदारों की लापरवाही और भ्रष्टाचार के कारण जनता को टिकाऊ सुविधाएं नहीं मिल पा रही हैं।

देश के गृहमंत्री रायपुर में, लुटेरे पूर्व विधानसभा अध्यक्ष का मोबाईल छीनकर भागे


रायपुर। 
 TODAY छत्तीसगढ़  /  राजधानी रायपुर में कानून-व्यवस्था को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। बीजेपी नेता और छत्तीसगढ़ विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष धरमलाल कौशिक सोमवार सुबह मॉर्निंग वॉक के दौरान मोबाइल लूट का शिकार हो गए। घटना सिविल लाइन थाना क्षेत्र के पीडब्ल्यूडी ब्रिज के पास की बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार धरमलाल कौशिक सुबह पैदल टहल रहे थे। इसी दौरान बाइक सवार दो बदमाश तेज रफ्तार में पहुंचे और उनके हाथ से मोबाइल झपटकर फरार हो गए। पूरी वारदात इतनी तेजी से हुई कि वे संभल भी नहीं सके। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच शुरू कर दी गई है। रायपुर पुलिस ने पूर्व विधानसभा अध्यक्ष के साथ हुई लूट की घटना की पुष्टि की है।

इधर, घटना को लेकर राजनीतिक बयानबाजी भी शुरू हो गई है। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर सरकार पर निशाना साधते हुए लिखा कि, “आप डायल 112 को झंडी दिखाते रहिए, उधर धरमलाल कौशिक जी का मोबाइल छीनकर चोर 9-2-11 हो गए।”

उन्होंने आगे लिखा कि “सोचिए जरा, जब देश के गृहमंत्री अमित शाह छत्तीसगढ़ में मौजूद हैं, उसी समय मॉर्निंग वॉक के दौरान ऐसी घटना कथित सुशासन पर तमाचा है।” फिलहाल पुलिस झपटमारों की तलाश में जुटी हुई है।  


शराब दुकान के बाहर खूनी हमला, फरार आरोपी गिरफ्तार


बिलासपुर। 
 TODAY छत्तीसगढ़  /   थाना कोनी पुलिस ने गंभीर मारपीट के मामले में फरार चल रहे आरोपी को मध्यप्रदेश से गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आरोपी पर शराब दुकान के सामने युवक पर बियर बोतल से हमला कर गंभीर चोट पहुंचाने का आरोप है।

जानकारी के अनुसार महेंद्र सूर्यवंशी ने थाना कोनी में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसके भाई दीपक भार्गव के साथ आरोपी शिवा सिंह ठाकुर एवं अर्जुन सिंह ठाकुर निवासी पौंसरा ने शराब दुकान के सामने हाथ-मुक्कों और बियर की बोतल से मारपीट की। हमले में दीपक भार्गव के सिर में गंभीर चोट आई थी।

मामले में पुलिस ने तत्काल अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। चिकित्सकीय रिपोर्ट और डॉक्टर की राय के आधार पर घायल की चोट गंभीर पाए जाने पर प्रकरण में धारा 109 बीएनएस जोड़ी गई।

घटना के बाद से आरोपी अर्जुन सिंह ठाकुर फरार चल रहा था। उसकी लगातार तलाश की जा रही थी। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर थाना कोनी पुलिस ने आरोपी को मध्यप्रदेश के अनूपपुर जिले से गिरफ्तार कर लिया।

© all rights reserved TODAY छत्तीसगढ़ 2018
todaychhattisgarhtcg@gmail.com