वायरल VIDEO: हाउसिंग बोर्ड में म्यूटेशन फाइल दबाने पर कार्रवाई, दो अधिकारी मुख्यालय अटैच


बिलासपुर। 
 TODAY छत्तीसगढ़  /  छत्तीसगढ़ हाउसिंग बोर्ड, बिलासपुर में संपत्ति नामांतरण (म्यूटेशन) से जुड़ा मामला सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद तूल पकड़ गया। जांच में लापरवाही सामने आने पर दो अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से नवा रायपुर मुख्यालय अटैच कर दिया गया है।

जारी आदेश के अनुसार, आवेदक तोरण साहू ने 17 मार्च 2025 को म्यूटेशन के लिए आवेदन किया था। आवश्यक प्रक्रिया पूरी होने के बाद 11 नवंबर 2025 को दस्तावेज तैयार कर हस्ताक्षरित भी कर दिए गए थे, लेकिन उसे आवेदक तक भेजा नहीं गया और फाइल को लंबित रखा गया।

इस गंभीर लापरवाही के लिए कार्यपालन अभियंता एवं प्रभारी संपदा अधिकारी एल.पी. बंजारे तथा वरिष्ठ सहायक व प्रभारी सहायक संपदा प्रबंधक पूनम बंजारे को मुख्यालय अटैच किया गया है। आयुक्त ने स्पष्ट किया है कि आम नागरिकों के कार्यों में इस प्रकार की देरी और उदासीनता किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी। उधर, मामले के सामने आने के बाद अवकाश के दिन ही संबंधित फाइल निकालकर आवेदक को म्यूटेशन दस्तावेज की प्रति सौंप दी गई।

यह मामला तब चर्चा में आया जब 17 अप्रैल को एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। वीडियो में आवेदक अधिकारी के कक्ष में जाकर अपनी लंबित फाइल को लेकर नाराजगी जताते दिखाई दिया। उसने आरोप लगाया कि उसकी फाइल एक साल से लंबित है और जानबूझकर रोकी गई है। दूसरी ओर, महिला अधिकारी पूनम बंजारे ने आवेदक के खिलाफ थाने में शिकायत दर्ज कराते हुए मानसिक प्रताड़ना, धमकी और शासकीय कार्य में बाधा डालने के आरोप लगाए हैं। उन्होंने सोशल मीडिया पर लगाए गए आरोपों को भी निराधार बताया है।  




मां ने ढाई साल के बेटे की ली जान, कापू क्षेत्र की घटना


रायगढ़।
  TODAY छत्तीसगढ़  / थाना कापू क्षेत्र के ग्राम पारेमेर फिटिंगपारा से एक हृदयविदारक घटना सामने आई है, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। यहां एक महिला ने अपने ही ढाई वर्षीय बेटे की हत्या कर दी। मामले का खुलासा पुलिस की जांच और पूछताछ के बाद हुआ, जिसमें आरोपी मां ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया।

पुलिस के अनुसार, 19 अप्रैल को मृतक बालक अनुज मंझवार के पिता बोधसाय मंझवार ने थाना कापू में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि 16 अप्रैल की सुबह वह जंगल गया था, उस समय घर पर उसकी पत्नी सोनमती और दोनों बच्चे थे। दोपहर में लौटने पर घर खाली मिला। शाम को बड़ी बेटी अकेले घर लौटी और बताया कि मां छोटे भाई को लेकर जंगल की ओर चली गई है।

इस जानकारी के बाद पिता और ग्रामीणों ने जंगल में तलाश शुरू की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। अगले दिन महिला अकेले घर लौटी और बच्चे के संबंध में स्पष्ट जानकारी नहीं दे सकी। संदेह गहराने पर लगातार खोजबीन जारी रही। 18 अप्रैल की रात रानीगौवा पहाड़ के पास एक पगडंडी किनारे खून के निशान मिले। पास की खाई में तलाश करने पर मासूम अनुज का शव मिला, जिसके सिर पर गंभीर चोट के निशान थे। घटना की जानकारी मिलते ही पूरे गांव में शोक का माहौल फैल गया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल अपराध दर्ज कर महिला को हिरासत में लिया। प्रारंभिक पूछताछ में वह लगातार गुमराह करती रही, लेकिन साक्ष्यों के आधार पर सख्ती से पूछताछ करने पर उसने अपराध स्वीकार कर लिया। पुलिस के अनुसार, महिला ने बताया कि वह अपने बच्चों के साथ मायके जा रही थी। रास्ते में उसने बेटी को वापस भेज दिया और बेटे के साथ आगे बढ़ी। रास्ते में गुस्से में आकर उसने बच्चे को जमीन पर पटक दिया और पत्थर से वार कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। घटना में प्रयुक्त पत्थर और अन्य साक्ष्य भी जब्त किए गए हैं। मामले में आगे की जांच जारी है।

मोटरसाइकिल से अवैध शराब परिवहन करते आरोपी गिरफ्तार


राजनांदगांव।
  TODAY छत्तीसगढ़  / जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत गैंदाटोला पुलिस ने अवैध शराब परिवहन करते एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से शराब के साथ-साथ परिवहन में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी जब्त की है।

पुलिस के अनुसार, 21 अप्रैल को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम नुनहाटोला और कोलियारी के बीच कच्चे रास्ते से एक व्यक्ति मोटरसाइकिल में अवैध शराब ले जा रहा है। सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर नाकाबंदी की और संदिग्ध वाहन को रोका।

जांच के दौरान आरोपी पवन निषाद (32 वर्ष), निवासी ग्राम दैहान, थाना गैंदाटोला के पास से 29 पौवा “गोवा स्पेशल व्हिस्की” (कुल 5.220 लीटर) बरामद की गई, जिसकी कीमत लगभग 3,480 रुपये आंकी गई है। इसके अलावा घटना में प्रयुक्त स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल (कीमत करीब 10,000 रुपये) भी जब्त की गई।

आरोपी के पास शराब परिवहन से संबंधित कोई वैध दस्तावेज नहीं पाए जाने पर उसके खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया गया। बाद में आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

घर में छिपाकर रखी अंग्रेजी शराब जब्त, आरोपी गिरफ्तार


राजनांदगांव।
 TODAY छत्तीसगढ़  / नशा मुक्ति अभियान के तहत राजनांदगांव पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के घर से मध्यप्रदेश निर्मित अंग्रेजी शराब की बड़ी खेप बरामद की है।

पुलिस के अनुसार, 20 अप्रैल 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ममता नगर निवासी लोकेश कुमार सिन्हा अपने घर में भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब डंप कर रखा है और उसे खपाने की तैयारी में है। सूचना पर सिटी कोतवाली पुलिस ने तत्काल टीम गठित कर आरोपी के घर पर दबिश दी।

तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से "बॉम्बे स्पेशल व्हिस्की" ब्रांड की 161 पौव्वा (करीब 28.980 बल्क लीटर) शराब बरामद की गई, जिसकी कीमत लगभग 21,735 रुपये आंकी गई है। आरोपी के पास शराब रखने से संबंधित कोई वैध दस्तावेज या लाइसेंस नहीं पाया गया।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान लोकेश कुमार सिन्हा (32 वर्ष) निवासी ममता नगर के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) और 59(क) के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अवैध शराब कारोबारियों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी। 

© all rights reserved TODAY छत्तीसगढ़ 2018
todaychhattisgarhtcg@gmail.com