राजनांदगांव। TODAY छत्तीसगढ़ / नशा मुक्ति अभियान के तहत राजनांदगांव पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के घर से मध्यप्रदेश निर्मित अंग्रेजी शराब की बड़ी खेप बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, 20 अप्रैल 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ममता नगर निवासी लोकेश कुमार सिन्हा अपने घर में भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब डंप कर रखा है और उसे खपाने की तैयारी में है। सूचना पर सिटी कोतवाली पुलिस ने तत्काल टीम गठित कर आरोपी के घर पर दबिश दी।
तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से "बॉम्बे स्पेशल व्हिस्की" ब्रांड की 161 पौव्वा (करीब 28.980 बल्क लीटर) शराब बरामद की गई, जिसकी कीमत लगभग 21,735 रुपये आंकी गई है। आरोपी के पास शराब रखने से संबंधित कोई वैध दस्तावेज या लाइसेंस नहीं पाया गया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान लोकेश कुमार सिन्हा (32 वर्ष) निवासी ममता नगर के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) और 59(क) के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अवैध शराब कारोबारियों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।
