Slider

समीक्षा बैठक: रेंज के सभी जिलों के एसपी रहे मौजूद, समयबद्ध निराकरण के निर्देश


राजनांदगांव।
  TODAY छत्तीसगढ़  /  पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) राजनांदगांव रेंज श्री बालाजी राव ने मंगलवार को अपने कार्यालय में अपराध समीक्षा बैठक आयोजित की। बैठक में रेंज के अंतर्गत आने वाले सभी जिलों के पुलिस अधिकारियों ने भाग लिया।

इस दौरान आईजी ने लंबित अपराध, मर्ग, गुमशुदगी, शिकायतों सहित मोटरयान अधिनियम के तहत कार्रवाई, विभागीय जांच, सामुदायिक पुलिसिंग और न्यायालय में लंबित प्रकरणों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने सभी मामलों के त्वरित एवं समयबद्ध निराकरण पर विशेष जोर दिया।

बैठक में आईजी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि गंभीर अपराधों में शीघ्र विवेचना पूर्ण कर आरोपियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही गुमशुदा व्यक्तियों की तलाश में तेजी लाने और शिकायतों के समाधान में लापरवाही न बरतने की बात कही। उन्होंने सामुदायिक पुलिसिंग को मजबूत करने और आम जनता के साथ संवाद बढ़ाने के निर्देश भी दिए, ताकि कानून-व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाया जा सके।

इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी श्री वाय.पी. सिंह, राजनांदगांव एसपी सुश्री अंकिता शर्मा, कबीरधाम एसपी श्री धर्मेंद्र सिंह, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई एसपी श्री लक्ष्य शर्मा सहित रेंज कार्यालय के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती गीता वाधवानी एवं उप पुलिस अधीक्षक श्रीमती नवी मोनिका पांडे उपस्थित रहे।

© all rights reserved TODAY छत्तीसगढ़ 2018
todaychhattisgarhtcg@gmail.com