राजनांदगांव। TODAY छत्तीसगढ़ / डोंगरगढ़ स्थित एक होटल-लॉज में चोरी के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए आरोपी को रायपुर से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पहले उसी होटल में कर्मचारी के रूप में काम कर चुका था।
पुलिस के अनुसार, प्रार्थी प्रदीप सिसोदिया ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 5 अगस्त 2025 की देर रात उनके होटल-लॉज “राजघराना” में चोरी की घटना हुई। आरोपी ने मौके का फायदा उठाकर लॉज में घुसकर टीवीएस एक्सेल वाहन, नगदी, कार्ड रीडर मशीन तथा चावल, दाल और रिफाइंड तेल सहित कुल 28 हजार रुपये का सामान पार कर दिया।
जांच में सामने आया कि चोरी करने वाला कोई और नहीं बल्कि होटल का पूर्व कर्मचारी नानक प्रेमचंदानी (42 वर्ष) है, जो घटना के बाद फरार हो गया था। पुलिस ने मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू की।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में गठित टीम ने आरोपी की लोकेशन ट्रेस कर उसे रायपुर से गिरफ्तार किया। पूछताछ के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 305(क) और 331(4) के तहत कार्रवाई की गई है। मामले में आगे की जांच जारी है।
