महामाया द्वार के पास मिला महिला का गला रेतकर हत्या, चेहरा कुचला—दरिंदगी की आशंका


अंबिकापुर।
 TODAY छत्तीसगढ़  /  छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर शहर में शुक्रवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब रिंग रोड स्थित महामाया प्रवेश द्वार के पास एक अधेड़ महिला का खून से लथपथ शव मिला। घटना की बर्बरता ने पूरे इलाके को दहला दिया है।

मिली जानकारी के अनुसार, कोतवाली थाना क्षेत्र में रिंग रोड किनारे स्थित एक मटन शॉप के पास स्थानीय लोगों ने सुबह शव देखा और तत्काल पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने पाया कि महिला की गला रेतकर हत्या की गई थी और पहचान छिपाने के लिए उसका चेहरा भी बुरी तरह कुचल दिया गया था। प्रारंभिक जांच में महिला के साथ दरिंदगी की आशंका जताई जा रही है। जांच के दौरान संदिग्ध परिस्थितियों में मिले तथ्यों ने मामले को और गंभीर बना दिया है, जिससे दुष्कर्म के बाद हत्या की आशंका से इंकार नहीं किया जा रहा है। हालांकि, पुलिस ने कहा है कि सभी पहलुओं की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगी।

घटना की सूचना मिलते ही राजेश अग्रवाल, अमोलक सिंह सहित फोरेंसिक टीम और डॉग स्क्वॉड मौके पर पहुंच गए। टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। शुरुआती फुटेज में महिला को देर रात एक संदिग्ध व्यक्ति के साथ जाते हुए देखा गया है, जिसके आधार पर संदिग्ध की तलाश तेज कर दी गई है। स्थानीय पार्षद सतीष बारी ने बताया कि वार्डवासियों से सूचना मिलने के बाद पुलिस को जानकारी दी गई। उन्होंने भी घटना को बेहद गंभीर बताते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। शहर में इस घटना के बाद दहशत और आक्रोश का माहौल है।

अतिरिक्त मुख्य सचिव पिंगुआ ने किया पीएम श्री स्कूल का निरीक्षण


बिलासपुर।
  TODAY छत्तीसगढ़  /  अतिरिक्त मुख्य सचिव और जिले के प्रभारी सचिव श्री मनोज पिंगुआ ने आज सरकंडा स्थित पीएम श्री स्कूल का निरीक्षण कर शैक्षणिक एवं बुनियादी व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान कलेक्टर श्री संजय अग्रवाल एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री रजनेश सिंह भी उपस्थित रहे।

प्रभारी सचिव श्री पिंगुआ ने स्कूल में उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं की जानकारी लेते हुए विभिन्न कक्षाओं, लाइब्रेरी, प्रयोगशाला एवं खेल मैदान का निरीक्षण किया। उन्होंने स्कूल संचालन से संबंधित व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए प्राचार्य श्रीमती गायत्री तिवारी से चर्चा की और आवश्यक सुधारों के संबंध में निर्देश दिए। प्राचार्य ने बताया कि विद्यालय में लगभग 1350 विद्यार्थी अध्ययनरत हैं तथा बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए नियमित रूप से सांस्कृतिक गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। साथ ही स्कूल में हेल्थ केयर एवं आईटी के दो वोकेशनल ट्रेड संचालित किए जा रहे हैं।

प्रभारी सचिव श्री पिंगुआ ने वोकेशनल ट्रेड को और अधिक सशक्त बनाने पर जोर देते हुए कहा कि विद्यार्थियों को व्यावहारिक एवं रोजगारपरक प्रशिक्षण से जोड़ना आवश्यक है। उन्होंने अधिक से अधिक विद्यार्थियों को इन ट्रेड्स से जोड़ने तथा कौशल विकास को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। इस अवसर पर नगर निगम आयुक्त श्री प्रकाश कुमार सर्वे, डीएफओ श्री नीरज कुमार, जिला शिक्षा अधिकारी श्री विजय टांडे, समग्र शिक्षा के मिशन समन्वयक श्री ओम पांडे सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहे।

‘सशक्त एप’: टेक्नोलॉजी बनी हथियार, वाहन चेकिंग में पकड़ाया चोर


बिलासपुर।
  TODAY छत्तीसगढ़  /  तकनीक के इस्तेमाल से अपराधियों पर शिकंजा कसते हुए सरकंडा पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। छत्तीसगढ़ पुलिस द्वारा संचालित ‘सशक्त एप’ के माध्यम से वाहन चेकिंग के दौरान एक बाइक चोर को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी के कब्जे से वर्ष 2019 में चोरी हुई मोटरसाइकिल भी बरामद की गई है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार ‘सशक्त एप’ के जरिए नियमित रूप से वाहनों के रजिस्ट्रेशन नंबर की जांच की जा रही है। इसी दौरान चेकिंग के वक्त बजाज प्लेटिना मोटरसाइकिल क्रमांक CG 10 AB 5639 को सर्च किया गया, जिसमें यह वाहन वर्ष 2019 में चोरी होना पाया गया। तुरंत कार्रवाई करते हुए पुलिस ने वाहन चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ की। आरोपी की पहचान रोशन शर्मा (18 वर्ष 5 माह) निवासी ग्राम कंतेली, जिला मुंगेली, हाल मुकाम तिफरा काली मंदिर के पास, थाना सिरगिट्टी, बिलासपुर के रूप में हुई। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने वर्ष 2019 में सरकंडा स्थित बंधु कॉम्प्लेक्स के सामने से उक्त मोटरसाइकिल चोरी की थी। 

जंगली सुअर का शिकार: मांस पकाते पकड़े गए पांच आरोपी, न्यायिक हिरासत में भेजे गए जेल


बिलासपुर। 
 TODAY छत्तीसगढ़  /  वन्य जीव संरक्षण को लेकर सख्ती दिखाते हुए वन विभाग ने जंगली सुअर के शिकार और उसका मांस पकाने के मामले में बड़ी कार्रवाई की है। विभाग की टीम ने दबिश देकर पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

वन विभाग से मिली जानकारी के अनुसार वन परिक्षेत्र अधिकारी बेलगहना देव सिंह मरावी को मुखबिर से सूचना मिली थी कि अट्टडा गांव में जंगली सुअर का मांस पकाया जा रहा है।सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम ने मौके पर दबिश दी। वहां पका हुआ मांस बरामद किया गया। इसके साथ ही मांस काटने और पकाने में शामिल लोगों की पहचान कर उन्हें एक-एक कर हिरासत में लिया गया। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने वन अपराध करना स्वीकार कर लिया।

वन विभाग ने बताया कि सभी आरोपियों के खिलाफ वन्य प्राणी संरक्षण अधिनियम 1972 की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। प्रकरण क्रमांक 11386/25 दिनांक 1 अप्रैल 2026 को दर्ज कर पांचों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपियों में रूपलाल (29 वर्ष), नितिन (19 वर्ष), संदीप (20 वर्ष), गोविंद (54 वर्ष) और रामकुमार (51 वर्ष) शामिल हैं। सभी आरोपी अट्टडा गांव के निवासी बताए गए हैं। कार्रवाई के बाद सभी आरोपियों को मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट, बिलासपुर के समक्ष पेश किया गया, जहां से उन्हें 14 दिनों की न्यायिक अभिरक्षा में सेंट्रल जेल भेज दिया गया।

© all rights reserved TODAY छत्तीसगढ़ 2018
todaychhattisgarhtcg@gmail.com