CG NEWS: TODAY छत्तीसगढ़ / बिलासपुर: स्वच्छता ही सेवा अभियान-2026 के तहत बिलासपुर रेलवे स्टेशन पर विद्यार्थियों ने नुक्कड़ नाटक के जरिए यात्रियों को स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। रेलवे स्कूल क्रमांक-1 और 2 के विद्यार्थियों ने प्लेटफॉर्म-1 के डोम एरिया में कचरे के उचित निपटान, वेस्ट सेग्रीगेशन और स्वच्छ रेलवे परिसर के महत्व को समझाया।
दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, बिलासपुर मंडल में रेलवे बोर्ड के निर्देश पर 17 सितंबर से 2 अक्टूबर 2026 तक “स्वच्छता में सहभाग, स्वच्छ भारत, विकसित भारत” थीम पर स्वच्छता ही सेवा अभियान चलाया जा रहा है। अभियान में स्वच्छता के साथ जनजागरूकता और जनभागीदारी पर जोर दिया जा रहा है।
शपथ लेकर दिया स्वच्छता का संदेश
18 सितंबर को अभियान के तहत आयोजित ‘स्वच्छता ज्ञान यात्रा’ के दूसरे दिन रेलवे स्कूल क्रमांक-1 और 2 के विद्यार्थियों तथा शिक्षकों ने स्वच्छता की शपथ ली। इसके बाद विद्यार्थियों ने बिलासपुर स्टेशन पर नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया।
नाटक के माध्यम से विद्यार्थियों ने यात्रियों को कचरे को स्रोत स्तर पर अलग-अलग डस्टबिन में डालने, उचित निस्तारण और रेलवे परिसर को साफ रखने के लिए जागरूक किया।
फोर वे सेग्रीगेशन और सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट पर जोर
विद्यार्थियों ने यात्रियों को सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट और फोर वे सेग्रीगेशन के महत्व की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि कचरे को सही तरीके से अलग करने और उसका उचित निपटान करने से स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने में मदद मिलती है।
निबंध और चित्रकला प्रतियोगिता में बच्चों ने दिखाया हुनर
अभियान के तहत रेलवे स्कूलों के विद्यार्थियों के लिए स्वच्छता से जुड़े विषयों पर निबंध और चित्रकला प्रतियोगिता भी आयोजित की गई। बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने इसमें हिस्सा लिया। प्रतियोगिता के जरिए विद्यार्थियों ने स्वच्छता के महत्व को समझने के साथ इसे अपने दैनिक जीवन और कार्यस्थल पर अपनाने का संकल्प भी लिया।
Rainwater Harvesting की भी दी जानकारी
विद्यार्थियों को वर्षा जल संचयन (Rainwater Harvesting) के महत्व के बारे में भी बताया गया। उन्हें समझाया गया कि बारिश के पानी को संरक्षित करने से भूजल स्तर के संरक्षण और भविष्य में पानी की उपलब्धता बढ़ाने में मदद मिल सकती है।


