CG NEWS: TODAY छत्तीसगढ़ / बिलासपुर: चकरभाठा थाना क्षेत्र में 12 साल 4 माह की नाबालिग बच्ची के अपहरण और दुष्कर्म के आरोप में पुलिस ने 22 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने नाबालिग को आरोपी के कब्जे से बरामद कर लिया है। मामले में BNS की धारा 137(2), 64(2)M और POCSO एक्ट की धारा 4, 6 के तहत कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के मुताबिक, 15 जुलाई 2026 को नाबालिग के परिजन ने चकरभाठा थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि उनकी 12 वर्ष 4 माह की बच्ची को कोई अज्ञात व्यक्ति बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया है। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों को सूचना दी और थाना स्तर पर टीम गठित कर नाबालिग की तलाश शुरू की।
पुलिस टीम ने आरोपी के संबंध में जानकारी जुटाते हुए उसकी पतासाजी शुरू की। इसी दौरान मिली सटीक सूचना के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए नाबालिग को आरोपी के कब्जे से बरामद कर लिया। पुलिस के अनुसार, नाबालिग से विधिवत पूछताछ में उसने आरोप लगाया कि युवक उसे बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया और उसके साथ दुष्कर्म किया।
पुलिस ने आरोपी राकेश जांगड़े (22), निवासी डीगोरा चरोटी, थाना पथरिया, जिला मुंगेली को अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपी ने घटना में शामिल होना स्वीकार किया।
इसके बाद आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ संबंधित धाराओं में वैधानिक कार्रवाई की गई। पुलिस ने बताया कि आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेजने की प्रक्रिया की जा रही है।

