बिलासपुर। TODAY छत्तीसगढ़ / दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के रेलवे सुरक्षा बल (RPF) की क्राइम ब्रांच ने राजस्व आसूचना निदेशालय (DRI) के साथ संयुक्त कार्रवाई में 1.242 किलोग्राम विदेशी सोना जब्त किया है। सोने की अनुमानित कीमत करीब 1.96 करोड़ रुपये बताई गई है। मामले में दो लोगों को पकड़ा गया है।
कार्रवाई गाड़ी संख्या 12262 हावड़ा-मुंबई दुरंतो एक्सप्रेस में की गई। RPF क्राइम ब्रांच रायपुर और नागपुर की टीम ने DRI नागपुर के अधिकारियों के साथ मिलकर यह कार्रवाई की।
भंडारा और नागपुर के बीच हुई जांच
RPF क्राइम ब्रांच नागपुर को सूचना मिली थी कि ट्रेन में दो व्यक्ति विदेशी सोना लेकर यात्रा कर रहे हैं। सूचना के आधार पर नागपुर क्राइम ब्रांच ने रायपुर टीम और DRI नागपुर को जानकारी दी।
इसके बाद संयुक्त टीम ने रायपुर से नागपुर तक ट्रेन में निगरानी शुरू की। भंडारा और नागपुर के बीच B-12 कोच में दो संदिग्ध यात्रियों की पहचान कर तलाशी ली गई।
तलाशी के दौरान उनके पास से 7 सोने के बिस्किट और एक सोने की छड़ बरामद हुई। कुल वजन करीब 1.242 किलोग्राम बताया गया है।
DRI को सौंपे गए दोनों व्यक्ति
RPF के मुताबिक, जरूरी कार्रवाई पूरी करने के बाद दोनों व्यक्तियों को बरामद सोने के साथ DRI नागपुर को सौंप दिया गया। दोनों के खिलाफ कस्टम्स एक्ट, 1962 की धारा 135 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
मामले की आगे की जांच DRI नागपुर कर रही है। जांच में सोने के स्रोत, इसे कहां से लाया गया था और इसकी संभावित तस्करी के नेटवर्क से जुड़े अन्य पहलुओं की जानकारी सामने आने की उम्मीद है।
RPF ने कहा है कि ट्रेनों और रेलवे परिसरों के जरिए अवैध या प्रतिबंधित सामान की तस्करी रोकने के लिए निगरानी और जांच अभियान जारी रहेगा।

