बिलासपुर। TODAY छत्तीसगढ़ / स्वतंत्रता दिवस से पहले बिलासपुर में ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत डाक विभाग ने देशभक्ति रैली निकाली। भारतीय डाक विभाग के बिलासपुर संभाग की ओर से आयोजित इस रैली का नेतृत्व प्रवर अधीक्षक बी.एल. जांगड़े ने किया।
रैली का उद्देश्य नागरिकों में राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय एकता और तिरंगे के प्रति सम्मान की भावना को मजबूत करना था। डाक विभाग के अधिकारी और कर्मचारी बड़ी संख्या में रैली में शामिल हुए।
विद्यार्थियों को डाक विभाग की सेवाओं की जानकारी
रैली के दौरान जैन इंटरनेशनल स्कूल के विद्यार्थियों को डाक विभाग की कार्यप्रणाली और विभिन्न सेवाओं के बारे में जानकारी दी गई। विद्यार्थियों को राष्ट्रीय ध्वज के महत्व और उसके सम्मान के बारे में भी बताया गया।
CRPF की रैली का प्रधान डाकघर में स्वागत
इसी दौरान केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) के कमांडेंट मनोज कुमार के नेतृत्व में निकली देशभक्ति रैली का प्रधान डाकघर बिलासपुर परिसर में स्वागत किया गया। प्रवर अधीक्षक बी.एल. जांगड़े ने CRPF के जवानों का स्वागत किया।
कार्यक्रम के दौरान डाक विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों ने ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को सफल बनाने और नागरिकों में राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय एकता तथा राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान की भावना मजबूत करने का संकल्प लिया।


