बिलासपुर। TODAY छत्तीसगढ़ / स्वतंत्रता दिवस 2026 के अवसर पर बिलासपुर पुलिस को पुलिसिंग में उत्कृष्ट कार्य के लिए दो प्रतिष्ठित राज्य स्तरीय पुरस्कारों से सम्मानित किया गया है। अजाक थाना, बिलासपुर को ‘शहीद वीर नारायण सिंह पुरस्कार’ और उप पुलिस अधीक्षक (अजाक) डीआर टंडन को ‘पुलिस महानिदेशक पुरस्कार’ प्रदान किया गया।
ये सम्मान विशेष रूप से अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति के विरुद्ध अत्याचार के मामलों में प्रभावी कार्रवाई, संवेदनशीलता और बेहतर विवेचना के लिए दिए गए हैं।
अजाक थाना को मिला 50 हजार रुपये और रनिंग शील्ड
छत्तीसगढ़ सरकार की ओर से हर वर्ष स्वतंत्रता दिवस पर अनुसूचित जाति-जनजाति, महिलाओं, बच्चों और समाज के कमजोर वर्गों के खिलाफ अपराधों की रोकथाम तथा त्वरित वैधानिक कार्रवाई में उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को राज्य स्तरीय पुरस्कार दिए जाते हैं।
वर्ष 2025 में किए गए कार्यों के आधार पर घोषित पुरस्कारों में अजाक थाना बिलासपुर को शहीद वीर नारायण सिंह पुरस्कार के लिए चुना गया। थाना को रनिंग शील्ड, 50 हजार रुपये नकद और प्रशस्ति पत्र दिया गया।
वहीं डीएसपी (अजाक) डीआर टंडन को पुलिस महानिदेशक पुरस्कार से सम्मानित किया गया। उन्हें 25 हजार रुपये नकद और प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया।
एससी-एसटी मामलों में त्वरित कार्रवाई बनी आधार
पुलिस के अनुसार ये पुरस्कार अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति अत्याचार निवारण अधिनियम से जुड़े मामलों में उत्कृष्ट विवेचना, संवेदनशील कार्यप्रणाली, समयबद्ध कार्रवाई और पीड़ितों को न्याय दिलाने की दिशा में किए गए काम के लिए मिले हैं।
बिलासपुर पुलिस का कहना है कि ऐसे मामलों में वैज्ञानिक और निष्पक्ष जांच, आरोपियों के खिलाफ प्रभावी कानूनी कार्रवाई और पीड़ितों को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने पर लगातार जोर दिया गया है।
एसएसपी ने पूरी टीम को किया पुरस्कृत
इस उपलब्धि के बाद पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह ने अजाक थाना प्रभारी निरीक्षक उत्तम साहू समेत थाने के अधिकारी-कर्मचारियों को भी 5 हजार रुपये के नगद पुरस्कार से सम्मानित किया।
एसएसपी रजनेश सिंह और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मधुलिका सिंह ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता जताते हुए इसे पूरे बिलासपुर पुलिस परिवार के लिए गौरव का विषय बताया।
पिछले साल भी मिला था शहीद वीर नारायण सिंह पुरस्कार
बिलासपुर पुलिस के लिए यह लगातार दूसरी उपलब्धि है। पुलिस के मुताबिक पिछले वर्ष भी स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर बिलासपुर पुलिस को शहीद वीर नारायण सिंह पुरस्कार से सम्मानित किया गया था।
पुलिस ने कहा कि यह सम्मान केवल एक थाना या अधिकारी की उपलब्धि नहीं, बल्कि जिले के पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों के सामूहिक प्रयास, कर्तव्यनिष्ठा, संवेदनशीलता और टीमवर्क का परिणाम है।

