बिलासपुर। TODAY छत्तीसगढ़ / तोरवा थाना पुलिस ने क्षेत्र में अड्डेबाजी, चाकूबाजी और संदिग्ध गतिविधियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को धारदार चाकू के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, यह लगातार तीन दिनों में आर्म्स एक्ट के तहत तीसरी कार्रवाई है।
पुलिस ने बताया कि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और आम नागरिकों में सुरक्षा की भावना मजबूत करने के लिए लगातार पेट्रोलिंग, अड्डेबाजी चेकिंग और संदिग्ध व्यक्तियों की जांच की जा रही है।
इसी अभियान के दौरान 5 अगस्त को गणेश नगर, सिरगिट्टी क्षेत्र से अब्दुल आमीन (19) को धारदार लोहे का चाकू रखने के आरोप में पकड़ा गया। इसके बाद 6 अगस्त को बोलबम चौक, तोरवा से शेष वैष्णव (18) को स्टील के धारदार चाकू के साथ गिरफ्तार किया गया।
वहीं, 7 अगस्त को बोलबम चौक के पास से जगमोहन ध्रुव (35) को धारदार चाकू रखने के आरोप में गिरफ्तार किया गया।
पुलिस के मुताबिक, तीनों आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई। आरोपियों को न्यायालय में रिमांड के लिए पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
तोरवा पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में असामाजिक तत्वों, अड्डेबाजी, चाकूबाजी और संदिग्ध गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। प्रमुख एवं संवेदनशील स्थानों पर पेट्रोलिंग और चेकिंग आगे भी जारी रहेगी।

