Slider

LATEST NEWS
Loading Latest News...

रक्षाबंधन की भीड़ से पहले पुलिस का बड़ा एक्शन, 2 महिला चोर गिरफ्तार

बच्चों के गले पर नजर, मौका मिलते ही हाथ साफ!

रायपुर।  TODAY छत्तीसगढ़  / रक्षाबंधन के दौरान बाजारों में बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए रायपुर पुलिस की सतर्कता के बीच मालवीय रोड पर पैदल पेट्रोलिंग के दौरान दो महिला आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के मुताबिक दोनों महिलाएं भीड़भाड़ वाले इलाकों में महिलाओं और बच्चों को निशाना बनाकर उनके गले से सोने के लॉकेट, चेन और अन्य आभूषण चोरी करती थीं।

पुलिस के अनुसार, मालवीय रोड पर पेट्रोलिंग के दौरान एक छोटे बच्चे के गले से सोने का लॉकेट चोरी होने की सूचना मिली। इसके बाद एसीसीयू और थाना कोतवाली की संयुक्त टीम ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। फुटेज में दो संदिग्ध महिलाएं महिलाओं और बच्चों के आसपास घूमती और मौका मिलते ही उनके गले के पास हाथ लगाती दिखाई दीं।

सीसीटीवी से मिले हुलिए के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर नंदनी राजपूत (32) और सानिया मरकाम (20) को पकड़ा। पूछताछ और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस के मुताबिक दोनों ने आभूषण चोरी की वारदातें स्वीकार कीं।

7 चोरी की घटनाओं का खुलासा

पुलिस के मुताबिक आरोपियों ने गोलबाजार, महादेव घाट, इतवारी बाजार सहित अन्य भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों और मेला स्थलों में इसी तरीके से चोरी की कुल 7 घटनाओं को अंजाम देना स्वीकार किया है।

आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने करीब 10 लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषण, 9,700 रुपये नगद, एक एक्टिवा और 5 मोबाइल फोन जब्त किए हैं। जब्त सामान की कुल कीमत करीब 12 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस के अनुसार चोरी की अन्य घटनाओं के संबंध में भी पूछताछ और जांच जारी है।

त्योहारी भीड़ पर पुलिस की नजर

रक्षाबंधन के दौरान मालवीय रोड, गोलबाजार सहित प्रमुख बाजारों में बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए पुलिस ने पैदल पेट्रोलिंग, सीसीटीवी निगरानी और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर बढ़ाई है।

पुलिस का कहना है कि समय रहते हुई इस कार्रवाई से त्योहारी भीड़ के दौरान आभूषण चोरी की कई संभावित घटनाओं को रोकने में मदद मिली है।

© all rights reserved TODAY छत्तीसगढ़ 2018
todaychhattisgarhtcg@gmail.com
TODAY छत्तीसगढ़
लाइव मार्केट & सराफा