लोरमी। TODAY छत्तीसगढ़ / जुनापारा चौकी क्षेत्र के ग्राम बांधा में जंगल से करील और पिहरी लेने गए 25 वर्षीय युवक धरम दास घृतलहरे की मादा बाघिन के हमले में मौत हो गई। घटना जोगीपुर जंगल के 98 आरए क्षेत्र के पास की बताई जा रही है।
स्थानीय जानकारी के अनुसार, युवक कुछ अन्य लोगों के साथ जंगल के भीतर गया था। इसी दौरान शावकों के साथ मौजूद मादा बाघिन ने उस पर हमला कर दिया। हमले में युवक की गर्दन पर गंभीर चोट आई और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। बताया जा रहा है कि साथ गए अन्य लोग किसी तरह मौके से निकलकर अपनी जान बचाने में सफल रहे।
घटना के बाद आसपास के ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। स्थानीय सूत्रों के मुताबिक, जिस क्षेत्र में ग्रामीण पहुंचे थे, वहां शावक के साथ बाघिन की मौजूदगी बताई जा रही है। वन विभाग ने लोगों से जंगल की ओर नहीं जाने और वन क्षेत्र में प्रवेश से बचने की अपील की है।
बताया गया है कि अचानकमार टाइगर रिजर्व में निर्धारित अवधि (15 जून से 31अक्टूबर ) के दौरान पर्यटकों के लिए प्रवेश बंद रहता है। इसके बावजूद आसपास के कुछ ग्रामीण कथित तौर पर अनधिकृत रूप से जंगल में प्रवेश करते हैं। वन क्षेत्र में बांस, लकड़ी और अन्य वन उपज लेने के लिए प्रवेश की घटनाओं पर प्रबंधन द्वारा पूर्व में कार्रवाई भी की गई है।
वन्यजीव विशेषज्ञों के अनुसार, शावकों के आसपास मौजूद मादा बाघिन बेहद संवेदनशील और आक्रामक हो सकती है। ऐसे में ग्रामीणों के लिए जंगल में प्रवेश करना गंभीर रूप से खतरनाक साबित हो सकता है।

