बिलासपुर । TODAY छत्तीसगढ़ / श्रावण मास के अंतिम सोमवार को लोरमी के श्री बाबाघाट धाम में आस्था और विकास का संगम देखने को मिला। उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने लोरमीवासियों के साथ परम पूज्य श्री श्री 108 शिवानंद जी महाराज के सानिध्य में भगवान भोलेनाथ का विधिवत रुद्राभिषेक किया। उन्होंने प्रदेशवासियों के सुख, शांति और समृद्धि की कामना की।
रुद्राभिषेक के बाद उप मुख्यमंत्री ने मंदिर परिसर में कराए गए सौंदर्यीकरण और उन्नयन कार्यों का लोकार्पण किया। उन्होंने श्रद्धालुओं के बीच भंडारे का प्रसाद भी वितरित किया।
श्री साव ने कहा कि ‘विरासत भी, विकास भी’ की सोच के साथ लोरमी की धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित और विकसित किया जा रहा है। सौंदर्यीकरण के बाद बाबाघाट धाम का स्वरूप और अधिक भव्य व आकर्षक हुआ है। इससे श्रद्धालुओं को स्वच्छ, शांत और भक्तिमय वातावरण उपलब्ध होगा।
उन्होंने कहा कि बाबाघाट धाम लोरमी का प्राचीन धार्मिक स्थल है, जहां वर्षों से साधु-संत पूजन, हवन और विश्राम करते रहे हैं। समय के साथ यह स्थल जीर्ण-शीर्ण हो गया था, जिसे अब सौंदर्यीकरण एवं उन्नयन के जरिए नया स्वरूप दिया गया है।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि देश में काशी कॉरिडोर, उज्जैन के महाकाल लोक और अयोध्या धाम में श्रीराम मंदिर जैसे धार्मिक स्थलों के विकास के कार्य हुए हैं। छत्तीसगढ़ में भी भोरमदेव कॉरिडोर, मां बम्लेश्वरी मंदिर और रतनपुर धाम के विकास की दिशा में कार्य किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में बाबाघाट धाम को भी भव्य स्वरूप दिया गया है।
उन्होंने लोरमीवासियों से बाबाघाट धाम की सुंदरता और स्वच्छता बनाए रखने के साथ यहां नियमित धार्मिक आयोजनों को बढ़ावा देने की अपील की।

