बिलासपुर। TODAY छत्तीसगढ़ / बालाजी गैस एजेंसी के मगरपारा स्थित कार्यालय और महाराणा चौक स्थित गैस गोदाम में जिला प्रशासन की संयुक्त टीम ने औचक जांच की। जांच में ऑनलाइन स्टॉक और मौके पर मौजूद गैस सिलेंडरों की संख्या में बड़ी विसंगति सामने आई। रिकॉर्ड में 864 भरे सिलेंडर दर्ज थे, जबकि मौके पर केवल 452 भरे सिलेंडर मिले। यानी 412 भरे सिलेंडर कम पाए गए।
कलेक्टर संजय अग्रवाल के निर्देश पर राजस्व, खाद्य विभाग और आईओसीएल की संयुक्त टीम ने दोनों परिसरों में स्टॉक का भौतिक सत्यापन किया। कार्रवाई के दौरान मौके पर मिले 452 भरे और 487 खाली, कुल 939 सिलेंडरों को जब्त किया गया।
जांच में रिकॉर्ड के मुताबिक 473 खाली सिलेंडर होने चाहिए थे, जबकि मौके पर 487 खाली सिलेंडर मिले। यानी खाली सिलेंडरों की संख्या भी रिकॉर्ड से 14 अधिक पाई गई।
उपभोक्ताओं की शिकायतों की भी जांच
बालाजी गैस एजेंसी के खिलाफ उपभोक्ताओं से लगातार शिकायतें मिलने के बाद प्रशासन ने जांच के निर्देश दिए थे। जांच टीम ने मौके पर मौजूद उपभोक्ताओं से एजेंसी की सेवाओं के संबंध में जानकारी ली और उनके बयान दर्ज किए।
उपभोक्ताओं ने बुकिंग के बाद सिलेंडर नहीं मिलने तथा ऑनलाइन डिलीवरी दिखाए जाने के बावजूद वास्तविक रूप से सिलेंडर नहीं मिलने जैसी शिकायतें कीं। एजेंसी के खिलाफ कॉल सेंटर और सीएम हेल्पलाइन 1076 में भी शिकायतें दर्ज होने की जानकारी जांच टीम को मिली।
जांच दल ने एजेंसी से संबंधित दस्तावेजों और स्टॉक का परीक्षण किया है। पूरे मामले की विस्तृत जांच के बाद सात दिनों के भीतर रिपोर्ट कलेक्टर को सौंपी जाएगी। रिपोर्ट के आधार पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
.jpeg)
