बिलासपुर। TODAY छत्तीसगढ़ / जिले में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए चलाया गया ‘बने खाबो, बने रहिबो 2.0’ सात दिवसीय अभियान पूरा हो गया। अभियान के दौरान खाद्य एवं औषधि प्रशासन की टीम ने 19 फर्मों का निरीक्षण किया और 15 विधिक तथा 4 निगरानी नमूने लिए।
कार्रवाई के दौरान विभिन्न दुकानों से 117 किलोग्राम मिठाई जब्त कर नष्ट कराई गई। अस्वास्थ्यकर और अस्वच्छ परिस्थितियों में खाद्य पदार्थों का निर्माण करने वाले प्रतिष्ठानों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई।
दो फर्मों के लाइसेंस-पंजीयन निलंबित
कलेक्टर संजय अग्रवाल के मार्गदर्शन और खाद्य एवं औषधि प्रशासन के निर्देश पर चलाए गए अभियान में एक फर्म का लाइसेंस और एक फर्म का पंजीयन तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया। दोनों प्रतिष्ठानों को बंद भी कराया गया।
मेसर्स श्रीराम स्वीट्स, नगपुरा, सिरगिट्टी में अस्वास्थ्यकर एवं अस्वच्छ परिस्थितियों में खाद्य पदार्थों का निर्माण पाए जाने पर लाइसेंस निलंबित किया गया। वहीं मेसर्स प्रबल फूड प्रोडक्ट, दुमानी, मस्तूरी का पंजीयन निलंबित कर फर्म को बंद कराया गया।
इसके अलावा मेसर्स मद्रासी रेस्टोरेंट, बिलासपुर का लाइसेंस भी 14 अगस्त को अस्वच्छ परिस्थितियों में खाद्य पदार्थों का निर्माण पाए जाने पर निलंबित किया गया।
102 किलो श्री बर्फी-मिक्स जब्त
अभियान के दौरान मेसर्स पवन ट्रेडर्स, व्यापार विहार से 102 किलोग्राम श्री बर्फी-मिक्स जब्त कर प्रकरण तैयार किया गया। वहीं श्रीराम स्वीट्स से करीब 15 किलोग्राम बर्फी नष्ट कराई गई। मेसर्स कमलेश जनरल स्टोर, रानीगांव से शिव गंगा नमकीन का नमूना लिया गया और भ्रामक दावे को लेकर नोटिस जारी किया गया।
त्योहारों को देखते हुए निगरानी जारी
विभाग ने अभियान के दौरान नागरिकों को खाद्य सुरक्षा के प्रति जागरूक भी किया। लोगों से खाद्य पदार्थ खरीदते समय लेबल की जानकारी पढ़ने, अत्यधिक रंगीन खाद्य पदार्थों से बचने और खाद्य सामग्री को स्वच्छ एवं सुरक्षित स्थान पर रखने की अपील की गई।
खाद्य व्यापारियों को खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 तथा संबंधित नियमों का पालन करने के निर्देश दिए गए हैं। विभाग ने स्पष्ट किया है कि अभियान समाप्त होने के बाद भी खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच और कार्रवाई जारी रहेगी। आगामी त्योहारी सीजन को देखते हुए मिठाई और अन्य खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता पर विशेष निगरानी रखी जाएगी।

