Slider

LATEST NEWS
Loading Latest News...

1.86 करोड़ की गांजा खेप का 'बॉस' गिरफ्तार, हाईस्पीड चेज के बाद पुलिस ने घेरा

गांजा तस्करी के मास्टरमाइंड तक पहुंची पुलिस, KIA कार समेत 10 लाख की संपत्ति जब्त

पुलिस ने 300 किलो गांजा तस्करी मामले के फरार मास्टरमाइंड शुभम यादव को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से KIA कार, मोबाइल, एटीएम कार्ड समेत 10.17 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की गई है। 
रायगढ़। TODAY छत्तीसगढ़  / लगभग 300 किलोग्राम गांजा तस्करी के बहुचर्चित मामले में रायगढ़ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। 'ऑपरेशन क्लीन हंट' के तहत साइबर थाना और लैलूंगा पुलिस की संयुक्त टीम ने इस पूरे नेटवर्क के कथित मास्टरमाइंड शुभम यादव को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी लंबे समय से फरार चल रहा था।

पुलिस के अनुसार, 5 जून 2026 को 'ऑपरेशन आघात' के दौरान उड़ीसा से मध्यप्रदेश ले जाई जा रही करीब 300 किलो गांजा की खेप जब्त की गई थी। इस कार्रवाई में लगभग 1.86 करोड़ रुपये मूल्य का गांजा, दो लग्जरी वाहन और पांच मोबाइल फोन बरामद किए गए थे। मामले में गिरफ्तार आरोपियों ने पूछताछ के दौरान शुभम यादव को पूरे नेटवर्क का संचालक बताया था।

इसके बाद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देश पर आरोपी की तलाश के लिए विशेष अभियान चलाया गया। तकनीकी निगरानी और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस को जानकारी मिली कि शुभम यादव KIA कार से रायगढ़ क्षेत्र में घूम रहा है। पुलिस को देखकर आरोपी भागने लगा, लेकिन साइबर और लैलूंगा थाना पुलिस ने घेराबंदी कर कुंजारा के पास उसे दबोच लिया।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान शुभम यादव (29) निवासी अनूपपुर (मध्यप्रदेश) के रूप में हुई है। उसके कब्जे से करीब 10 लाख रुपये कीमत की KIA कार, मोबाइल फोन, एटीएम कार्ड, घड़ी, वाहन दस्तावेज और नकदी समेत 10.17 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की गई है।

पुलिस ने आरोपी को एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) और 29 के तहत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

रायगढ़ पुलिस का कहना है कि अब कार्रवाई केवल गांजा बरामद करने तक सीमित नहीं है, बल्कि पूरे अंतरराज्यीय तस्करी नेटवर्क, इसके वित्तीय लाभार्थियों और मास्टरमाइंड तक पहुंचकर एंड-टू-एंड कार्रवाई की जा रही है। मामले में अन्य आरोपियों और नेटवर्क से जुड़े लोगों की तलाश जारी है।

© all rights reserved TODAY छत्तीसगढ़ 2018
todaychhattisgarhtcg@gmail.com
TODAY छत्तीसगढ़
लाइव मार्केट & सराफा