Slider

LATEST NEWS
Loading Latest News...

मानव तस्करी पर शिकंजा कसने की तैयारी, बस स्टैंड-रेलवे स्टेशन पर बढ़ेगी निगरानी

एसएसपी बोले- महिला अपराधों पर नहीं होगी कोई ढिलाई, सभी विभाग मिलकर करें काम

रायगढ़। TODAY छत्तीसगढ़  /  महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा को लेकर रायगढ़ पुलिस ने व्यापक रणनीति तैयार की है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशिमोहन सिंह की अध्यक्षता में आयोजित जिला स्तरीय महिला उत्पीड़न एवं अनैतिक व्यापार निवारण समिति की बैठक में मानव तस्करी की रोकथाम, महिला अपराधों की त्वरित जांच और पीड़ितों के पुनर्वास को लेकर विस्तृत समीक्षा की गई। 

एसएसपी शशिमोहन सिंह ने महिला सुरक्षा और मानव तस्करी रोकने के लिए सभी विभागों को समन्वित कार्रवाई के निर्देश दिए। संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाने, जनजागरूकता अभियान चलाने और पीड़ितों के पुनर्वास पर विशेष जोर दिया गया।

बैठक में एसएसपी ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ संवेदनशीलता और तत्परता से कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने मानव तस्करी की रोकथाम के लिए संवेदनशील क्षेत्रों की पहचान कर लगातार निगरानी रखने, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन और अन्य प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर विशेष सतर्कता बरतने तथा सूचना मिलते ही तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।

एसएसपी ने पंचायतों, स्कूल-कॉलेजों, स्वयं सहायता समूहों और सामाजिक संगठनों के माध्यम से व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने पर भी जोर दिया। उन्होंने महिला अपराधों और मानव तस्करी से जुड़े मामलों की नियमित समीक्षा, लंबित प्रकरणों का शीघ्र निराकरण और पीड़ितों को समय पर कानूनी व मनोवैज्ञानिक सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

बैठक में पीड़ित महिलाओं और बच्चों को सुरक्षित आश्रय, स्वास्थ्य सेवाएं, परामर्श, शिक्षा, कौशल विकास और आर्थिक सशक्तिकरण से जोड़ने पर भी चर्चा हुई। अधिकारियों से कहा गया कि शासन की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाकर पीड़ितों का सम्मानजनक पुनर्वास सुनिश्चित किया जाए।

बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी, डीएसपी उन्नति ठाकुर, जिला पंचायत, महिला एवं बाल विकास, समाज कल्याण, आदिवासी विकास विभाग सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और समिति के सदस्य उपस्थित रहे। 


© all rights reserved TODAY छत्तीसगढ़ 2018
todaychhattisgarhtcg@gmail.com
TODAY छत्तीसगढ़
लाइव मार्केट & सराफा