Slider

ग्रामीण बैंक में चोरी की साजिश नाकाम, 5 शातिर चोर पुलिस के हत्थे चढ़े

ATM और लॉकर तोड़ने पहुंचे थे चोर, CCTV फुटेज से आरोपियों की पहचान की गई

पुलिस ने बेलतरा ग्रामीण बैंक और एटीएम में सेंधमारी के मामले का खुलासा करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की गई।
बिलासपुर। TODAY छत्तीसगढ़  /  रतनपुर थाना पुलिस ने बेलतरा स्थित ग्रामीण बैंक और एटीएम में सेंधमारी के मामले का खुलासा करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए राउटर और स्टेबलाइजर, वारदात में इस्तेमाल दो मोटरसाइकिल, गैती और टंगिया बरामद किए हैं। गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ पहले से भी कई आपराधिक मामले दर्ज बताए गए हैं।

पुलिस के अनुसार, 4 जुलाई की रात अज्ञात बदमाशों ने बेलतरा ग्रामीण बैंक की पीछे की दीवार में सेंध लगाकर अंदर प्रवेश किया। आरोपियों ने बैंक के लॉकर और एटीएम को तोड़ने का प्रयास किया, लेकिन नकदी नहीं ले जा सके। हालांकि, बैंक में लगा राउटर और बाहर लगा स्टेबलाइजर चोरी कर फरार हो गए।

घटना की जानकारी 6 जुलाई को बैंक खुलने पर कर्मचारियों को मिली। शाखा प्रबंधक की शिकायत पर रतनपुर थाने में मामला दर्ज किया गया। जांच के दौरान बैंक के सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए, जिनके आधार पर संदिग्धों की पहचान की गई।

पुलिस ने पहले सुमेष कश्यप उर्फ सोनू को हिरासत में लेकर पूछताछ की। उसकी निशानदेही पर चार अन्य साथियों सूरज विश्वकर्मा, नवीन बैसवाड़े, खिकराम खैरवार उर्फ विक्की और प्रकाश यादव उर्फ बौना को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में सभी ने वारदात में शामिल होना स्वीकार कर लिया।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी का सामान, वारदात में इस्तेमाल दो मोटरसाइकिल और बैंक की दीवार, एटीएम व लॉकर तोड़ने में प्रयुक्त औजार जब्त कर लिए हैं। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

© all rights reserved TODAY छत्तीसगढ़ 2018
todaychhattisgarhtcg@gmail.com
TODAY छत्तीसगढ़
लाइव मार्केट & सराफा