Slider

LATEST NEWS
Loading Latest News...

घर-ज़मीन के झगड़े ने ली जान, छोटे भाई ने डंडे से पीटकर बड़े भाई को मार डाला

इलाज के दौरान मौत से खुला राज, मर्ग जांच में भाई निकला हत्यारा

जमीन बंटवारे के विवाद में हुई मारपीट के बाद घायल युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई। मर्ग जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने मृतक के छोटे भाई को हत्या के आरोप में गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।
कोरिया। TODAY छत्तीसगढ़  / जिले के पटना थाना क्षेत्र में जमीन बंटवारे के विवाद ने एक परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया। बड़े भाई की इलाज के दौरान मौत के बाद पुलिस की जांच में छोटे भाई की भूमिका सामने आई, जिसके बाद उसे हत्या के आरोप में गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया।

पुलिस के अनुसार, 26 जून 2026 को ललित कुशवाहा की संदिग्ध मौत की सूचना पर मर्ग कायम कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान मृतक की पत्नी, माता-पिता और अन्य परिजनों के बयान दर्ज किए गए।

बयानों में सामने आया कि ललित कुशवाहा और उसका छोटा भाई शारदा कुशवाहा अक्सर घर और जमीन के बंटवारे को लेकर विवाद करते थे। दोनों के शराब पीने की भी बात सामने आई है।

पुलिस जांच के मुताबिक 23 जून की सुबह विवाद के दौरान शारदा कुशवाहा ने अपने भाई ललित के साथ हाथ-मुक्कों और डंडे से मारपीट की। गंभीर रूप से घायल ललित को पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पटना और बाद में जिला अस्पताल बैकुंठपुर रेफर किया गया, जहां 25 जून को इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट और मर्ग जांच में यह स्पष्ट होने के बाद कि मौत मारपीट में आई चोटों के कारण हुई, पुलिस ने आरोपी शारदा कुशवाहा (36) के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) के तहत हत्या का मामला दर्ज किया।

पुलिस ने आरोपी को 8 जुलाई को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। मामले की आगे की विवेचना जारी है।

© all rights reserved TODAY छत्तीसगढ़ 2018
todaychhattisgarhtcg@gmail.com
TODAY छत्तीसगढ़
लाइव मार्केट & सराफा