जांजगीर-चांपा। बलौदा पुलिस ने सोशल मीडिया के माध्यम से एक महिला की तस्वीरों से कथित तौर पर छेड़छाड़ कर उन्हें अश्लील रूप में प्रसारित करने के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी ने महिला के नाम से फर्जी इंस्टाग्राम आईडी बनाकर तस्वीरों को संपादित (एडिट) किया और उन्हें सोशल मीडिया पर साझा किया।
पुलिस के मुताबिक, महिला की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। शिकायत में कहा गया था कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने उनके नाम से फर्जी इंस्टाग्राम अकाउंट बनाकर उनकी तस्वीरों का दुरुपयोग किया है।
जांच के दौरान पुलिस ने सुखसागर कुर्रे (24), निवासी हरदीविशाल, थाना बलौदा, जिला जांजगीर-चांपा को हिरासत में लिया। पुलिस के अनुसार आरोपी श्रवण-बधिर है। उससे पूछताछ के लिए श्रवण-बधिर विशेषज्ञ की सहायता ली गई।
पुलिस का कहना है कि पूछताछ में आरोपी ने सांकेतिक भाषा के माध्यम से बताया कि उसने यूट्यूब देखकर इंस्टाग्राम चलाना सीखा था। इसके बाद उसने फर्जी अकाउंट बनाया और महिला की तस्वीरों को एडिट कर सोशल मीडिया पर पोस्ट किया।
पुलिस ने आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। मामले की जांच जारी है।

