Slider

LATEST NEWS
Loading Latest News...

यूपी ले जाई जा रही 26.48 किलो गांजा की खेप जब्त, एक आरोपी गिरफ्तार

अंतरराज्यीय मादक पदार्थ तस्करी के आरोप में वाराणसी निवासी गिरफ्तार

रायगढ़। TODAY छत्तीसगढ़  / पुलिस ने लैलूंगा थाना क्षेत्र में ओडिशा से उत्तर प्रदेश ले जाए जा रहे कथित 26.484 किलोग्राम गांजा के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी के कब्जे से गांजा और तस्करी में प्रयुक्त एक आई10 कार सहित कुल 16.24 लाख रुपये मूल्य की संपत्ति जब्त की गई है।

पुलिस ने बताया कि मुखबिर से सूचना मिली थी कि ओडिशा नंबर की आई10 कार (OD-15-P-1800) में अवैध गांजा लेकर एक व्यक्ति लैलूंगा-पत्थलगांव मार्ग से उत्तर प्रदेश की ओर जा रहा है। सूचना के आधार पर कटकलिया-फोकटपारा तिराहा के पास नाकाबंदी की गई।

पुलिस के अनुसार, संदिग्ध कार को रोकने का प्रयास करने पर चालक ने वाहन मोड़कर भागने की कोशिश की, लेकिन पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया।

पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम अर्जुन उपाध्याय (24), निवासी कैथापुर, थाना राजा तालाब, जिला वाराणसी (उत्तर प्रदेश) बताया। पुलिस का दावा है कि आरोपी ने ओडिशा से गांजा लाकर उत्तर प्रदेश ले जाने की बात स्वीकार की।

पुलिस के मुताबिक, एनडीपीएस एक्ट के प्रावधानों के तहत तलाशी लेने पर कार से 13 पैकेट में रखा 26.484 किलोग्राम कथित गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने इसकी अनुमानित कीमत 13.24 लाख रुपये बताई है। साथ ही लगभग 3 लाख रुपये कीमत की आई10 कार भी जब्त की गई।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना लैलूंगा में एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

रायगढ़ के एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि जिले की सीमाओं का उपयोग मादक पदार्थों की तस्करी के लिए नहीं होने दिया जाएगा और ऐसे मामलों में अभियान आगे भी जारी रहेगा।

© all rights reserved TODAY छत्तीसगढ़ 2018
todaychhattisgarhtcg@gmail.com
TODAY छत्तीसगढ़
लाइव मार्केट & सराफा