Slider

LATEST NEWS
Loading Latest News...

चोरी की बाइक पर फर्जी नंबर प्लेट लगाकर चला रहे थे, तीन गिरफ्तार

तीन राज्यों से जुड़ा बाइक चोरी गिरोह पुलिस के हत्थे चढ़ा

राजनांदगांव। TODAY छत्तीसगढ़  / राजनांदगांव पुलिस ने अंतर्राज्यीय मोटरसाइकिल चोर गिरोह का भंडाफोड़ करने का दावा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों के कब्जे से छह चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की गई हैं, जिनमें एक राजनांदगांव, चार रायपुर और एक महाराष्ट्र के आमगांव क्षेत्र से चोरी की गई बताई गई है।

पुलिस ने बताया कि 8 जुलाई 2026 को पेण्ड्री निवासी शुभम यादव ने अपनी हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल चोरी होने की शिकायत थाना लालबाग में दर्ज कराई थी। मामले में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई।

पुलिस के अनुसार, साइबर सेल से प्राप्त सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर की सूचना के आधार पर संयुक्त टीम ने पेण्ड्री हाईवे स्थित देवांगन ढाबा के पास घेराबंदी कर तीन संदिग्धों को हिरासत में लिया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पंकज मंडिया (19) और प्रतीक गयगये (23), निवासी सांवरीटोला, जिला गोंदिया (महाराष्ट्र), तथा कमलेश नखाते (26), निवासी लाडसा, जिला बालाघाट (मध्य प्रदेश) के रूप में हुई है।

पुलिस का दावा है कि पूछताछ के दौरान आरोपियों ने मोटरसाइकिल चोरी की घटनाओं में संलिप्तता स्वीकार की और छह चोरी की मोटरसाइकिलों के बारे में जानकारी दी। आरोप है कि चोरी की गई मोटरसाइकिलों की पहचान छिपाने के लिए उन पर फर्जी नंबर प्लेट लगाकर उनका इस्तेमाल किया जा रहा था।

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय में पेश किया, जहां से न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की अन्य वाहन चोरी के मामलों में संलिप्तता की भी जांच की जा रही है।

© all rights reserved TODAY छत्तीसगढ़ 2018
todaychhattisgarhtcg@gmail.com
TODAY छत्तीसगढ़
लाइव मार्केट & सराफा