बिलासपुर / कोटा। TODAY छत्तीसगढ़ / राष्ट्रीय स्तर पर छात्रों के विरोध-प्रदर्शनों के समर्थन में कोटा ब्लॉक कांग्रेस कमेटी ने बुधवार को जय स्तंभ चौक पर एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन किया। कांग्रेस नेताओं ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री को बर्खास्त करने तथा आंदोलनरत छात्रों पर दर्ज एफआईआर वापस लेने की मांग की।
धरने का नेतृत्व ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अरुण त्रिवेदी ने किया। इस दौरान विधायक अटल श्रीवास्तव, जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष महेंद्र गंगोत्री सहित कांग्रेस के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
विधायक अटल श्रीवास्तव ने आरोप लगाया कि छात्र-छात्राएं अपने भविष्य और शिक्षा व्यवस्था को लेकर संवाद चाहते थे, लेकिन उन्हें लाठियां मिलीं। उन्होंने दावा किया कि विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में लगातार पेपर लीक होने से युवाओं का भविष्य प्रभावित हुआ है। उन्होंने कहा कि छात्रों पर हुए लाठीचार्ज का जवाब सरकार को देना होगा।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष महेंद्र गंगोत्री ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार छात्रों की आवाज दबाने और लोकतांत्रिक विरोध को कुचलने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस युवाओं के भविष्य से जुड़े मुद्दों पर उनके साथ खड़ी रहेगी।
ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष अरुण त्रिवेदी ने कहा कि यह किसी एक राजनीतिक दल का नहीं, बल्कि समाज और युवाओं के भविष्य का मुद्दा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस छात्रों के अधिकारों की लड़ाई जारी रखेगी।
भारी बारिश के बावजूद धरना-प्रदर्शन में महिला कांग्रेस, युवा कांग्रेस और कांग्रेस के विभिन्न प्रकोष्ठों के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता शामिल हुए। कार्यक्रम का संचालन फूलचंद अग्रहरि ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन प्रकाश जायसवाल ने किया।

