Slider

LATEST NEWS
Loading Latest News...

एचआईवी जागरूकता अभियान से जुड़ेंगे सोशल मीडिया इंफ्लूएंसर्स

सोशल मीडिया के जरिए एचआईवी संबंधी भ्रांतियां दूर करने पर जोर

बिलासपुर। TODAY छत्तीसगढ़  /  स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के अंतर्गत छत्तीसगढ़ राज्य एड्स नियंत्रण समिति की ओर से बिलासपुर में ‘कनेक्ट’ कार्यशाला का आयोजन किया गया। विभाग के अनुसार, कार्यशाला का उद्देश्य सोशल मीडिया इंफ्लूएंसर्स और कंटेंट क्रिएटर्स की सहभागिता से एचआईवी/एड्स के प्रति जनजागरूकता बढ़ाना था।

कार्यशाला का विषय “एचआईवी/एड्स के प्रति जन जागरूकता में सोशल मीडिया इंफ्लूएंसर्स की भूमिका” रखा गया। इस दौरान विशेषज्ञों ने एचआईवी संक्रमण के कारण, संक्रमण फैलने के तरीके, बचाव के उपाय, समय पर जांच और उपचार के महत्व के साथ-साथ ब्रेकफ्री इंडिया अभियान और एचआईवी से संबंधित कानूनों की जानकारी दी।

विशेषज्ञों ने कहा कि एचआईवी/एड्स से जुड़ी भ्रांतियों और भेदभाव को दूर करने के लिए सही और वैज्ञानिक जानकारी का व्यापक प्रसार आवश्यक है। उनके अनुसार, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के माध्यम से युवाओं और आम लोगों तक प्रभावी संदेश पहुंचाकर जागरूकता बढ़ाई जा सकती है।

कार्यशाला में छत्तीसगढ़ राज्य एड्स नियंत्रण समिति के अधिकारियों ने एचआईवी नियंत्रण कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए प्रतिभागियों से जनहित से जुड़े संदेशों को सोशल मीडिया के माध्यम से अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने का आग्रह किया।

जिला नोडल अधिकारी डॉ. रक्षित जोगी ने भी प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए एचआईवी/एड्स जागरूकता में सोशल मीडिया की भूमिका पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम में संभाग के विभिन्न जिलों से आए सोशल मीडिया इंफ्लूएंसर्स, कंटेंट क्रिएटर्स और अन्य प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया तथा जागरूकता अभियान में सहयोग का संकल्प लिया।

कार्यक्रम के अंत में प्रतिभागियों को स्मृति चिन्ह और प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए। साथ ही प्रश्नोत्तर सत्र का आयोजन किया गया, जिसमें विशेषज्ञों ने प्रतिभागियों की जिज्ञासाओं का समाधान किया।

© all rights reserved TODAY छत्तीसगढ़ 2018
todaychhattisgarhtcg@gmail.com
TODAY छत्तीसगढ़
लाइव मार्केट & सराफा