Slider

LATEST NEWS
Loading Latest News...

ओडिशा से कार में ला रहे थे देशी कट्टा, दो आरोपी गिरफ्तार

4.10 लाख की कार और हथियार जब्त

TODAY छत्तीसगढ़  /  रायगढ़ पुलिस ने अवैध हथियारों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए कार में देशी कट्टा लेकर आ रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। चक्रधरनगर थाना और साइबर थाना की संयुक्त टीम ने घेराबंदी कर दोनों को दबोचा। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक देशी कट्टा और करीब 4.10 लाख रुपये कीमत की टोयोटा ग्लैंजा कार जब्त की है। मामले में फरार आरोपी की तलाश के साथ हथियार सप्लाई नेटवर्क की भी जांच शुरू कर दी गई है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में पुलिस को सूचना मिली थी कि ओडिशा की ओर से रायगढ़ आ रही एक सफेद रंग की कार में दो युवक अवैध हथियार लेकर आ रहे हैं। सूचना के आधार पर सीएसपी मयंक मिश्रा के मार्गदर्शन में चक्रधरनगर थाना प्रभारी निरीक्षक राकेश मिश्रा और साइबर थाना प्रभारी निरीक्षक विजय चेलक के नेतृत्व में संयुक्त टीम ने पहाड़ मंदिर शराब भट्टी के पास मुख्य मार्ग पर घेराबंदी कर वाहनों की जांच शुरू की।

जांच के दौरान टोयोटा ग्लैंजा (CG-13 AQ-6663) पुलिस को देखकर कुछ दूरी पर रुक गई। संदेह होने पर पुलिस ने कार को घेरकर उसमें सवार हरीश यादव (26) और प्रहलाद केंवट (24) को हिरासत में लिया।

पुलिस ने विधिसम्मत प्रक्रिया का पालन करते हुए वाहन की तलाशी ली, जिसमें कार के भीतर छिपाकर रखा गया एक देशी कट्टा बरामद हुआ। मौके पर ही हथियार और कार को जब्त कर लिया गया।

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि बरामद देशी कट्टा उन्होंने योगेश चौहान उर्फ सानू उर्फ साहिल चौहान से खरीदा था। पुलिस के अनुसार कार्रवाई की भनक लगते ही योगेश फरार हो गया। उसकी तलाश की जा रही है। साथ ही अवैध हथियारों की आपूर्ति से जुड़े पूरे नेटवर्क की जांच भी शुरू कर दी गई है।

पुलिस ने दोनों आरोपियों के विरुद्ध आर्म्स एक्ट की धारा 25 तथा भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 3(5) के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया, जहां से न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।


© all rights reserved TODAY छत्तीसगढ़ 2018
todaychhattisgarhtcg@gmail.com
TODAY छत्तीसगढ़
लाइव मार्केट & सराफा