Slider

LATEST NEWS
Loading Latest News...

मोबाइल विवाद में पत्नी की पीट-पीटकर हत्या, मोहब्बत गिरफ्तार

शराब, झगड़ा और हत्या... पति निकला पत्नी का कातिल

रायगढ़।  TODAY छत्तीसगढ़  /  धरमजयगढ़ थाना क्षेत्र के मस्जिदपारा में झाड़ियों के बीच बोरी से ढका महिला का शव मिलने के मामले का पुलिस ने 48 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। पुलिस ने हत्या के आरोप में मृतका के पति मोहब्बत चौहान (47) को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

पुलिस के अनुसार 13 जुलाई को मस्जिदपारा स्थित एक बाड़ी परिसर की झाड़ियों में प्लास्टिक की बोरी से ढका 48 वर्षीय राजकुमारी चौहान का शव मिला था। सूचना मिलने पर पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की। जांच में पता चला कि मृतका और उसका पति पिछले करीब एक वर्ष से वहीं रहकर देखरेख का कार्य कर रहे थे। दोनों शराब के आदी थे और पति अक्सर पत्नी के साथ मारपीट करता था।

पुलिस जांच और गवाहों के बयान में सामने आया कि 12 जुलाई की रात पति-पत्नी के बीच मोबाइल फोन को लेकर विवाद हुआ था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में शरीर और सिर पर किसी भारी वस्तु से गंभीर चोट लगने तथा अत्यधिक रक्तस्राव से मौत होने की पुष्टि हुई। इसके बाद हत्या का मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की गई।

पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसकी पत्नी ने उसका की-पैड मोबाइल किसी के पास गिरवी रख दिया था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ और गुस्से में उसने लकड़ी के चौड़े पट्टे से पत्नी की बेरहमी से पिटाई कर दी, जिससे उसकी मौत हो गई। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त लकड़ी का पट्टा भी बरामद कर लिया।

पुलिस के अनुसार आरोपी का आपराधिक रिकॉर्ड भी है और वह पूर्व में अपने ससुर की हत्या के मामले में जेल जा चुका है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में धरमजयगढ़ पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

एसएसपी ने कहा कि घरेलू हिंसा या पारिवारिक विवाद की आड़ में होने वाले हिंसक अपराधों के प्रति रायगढ़ पुलिस जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है और ऐसे मामलों में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

© all rights reserved TODAY छत्तीसगढ़ 2018
todaychhattisgarhtcg@gmail.com
TODAY छत्तीसगढ़
लाइव मार्केट & सराफा