Slider

LATEST NEWS
Loading Latest News...

सोने की झाड़ू से हुई छेरा-पहरा की रस्म, जगन्नाथ रथयात्रा में उमड़ा जनसैलाब

भगवान जगन्नाथ की भव्य रथयात्रा, राज्यपाल-सीएम हुए शामिल

रायपुर।  TODAY छत्तीसगढ़  /  राजधानी के गायत्री नगर स्थित भगवान जगन्नाथ मंदिर में बुधवार को पारंपरिक श्रद्धा और भक्ति के साथ भव्य रथयात्रा महोत्सव का आयोजन किया गया। इस अवसर पर राज्यपाल रमेन डेका और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने भगवान जगन्नाथ, भगवान बलभद्र और देवी सुभद्रा की विधिवत पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों के सुख, शांति, समृद्धि और उत्तम स्वास्थ्य की कामना की।

रथयात्रा शुरू होने से पहले राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने परंपरा के अनुसार सोने की झाड़ू से 'छेरा-पहरा' की रस्म निभाकर रथमार्ग का प्रतीकात्मक शुद्धिकरण किया। इसके बाद वैदिक मंत्रोच्चार, भजन-कीर्तन और जयघोष के बीच भगवान जगन्नाथ, भगवान बलभद्र और देवी सुभद्रा की प्रतिमाओं को रथ पर विराजित कर यात्रा का शुभारंभ किया गया।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि आस्था, लोकसंस्कृति, सामाजिक समरसता और जनभागीदारी का महापर्व है। उन्होंने कहा कि भगवान जगन्नाथ किसानों के आराध्य हैं और उनकी कृपा से समय पर वर्षा, अच्छी फसल और समृद्धि आती है। उन्होंने प्रदेश में भरपूर वर्षा, कृषि समृद्धि और किसानों की खुशहाली की प्रार्थना की।

राज्यपाल रमेन डेका ने भी प्रदेशवासियों को रथयात्रा की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह पर्व सेवा, समानता और लोककल्याण का संदेश देता है तथा समाज में सद्भाव और एकता को मजबूत करता है।

उल्लेखनीय है कि रायपुर के गायत्री नगर स्थित भगवान जगन्नाथ मंदिर में प्रतिवर्ष पुरी की विश्वप्रसिद्ध रथयात्रा की तर्ज पर यह आयोजन किया जाता है। ओडिशा से सांस्कृतिक जुड़ाव के कारण छत्तीसगढ़ में भी भगवान जगन्नाथ के प्रति विशेष श्रद्धा रही है और प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में रथयात्रा उत्साहपूर्वक निकाली जाती है।

इस अवसर पर सांसद बृजमोहन अग्रवाल, विधायक पुरंदर मिश्रा, विभिन्न निगम-मंडलों एवं आयोगों के अध्यक्ष, जनप्रतिनिधि, सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों के प्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

© all rights reserved TODAY छत्तीसगढ़ 2018
todaychhattisgarhtcg@gmail.com
TODAY छत्तीसगढ़
लाइव मार्केट & सराफा