Slider

LATEST NEWS
Loading Latest News...

72 घंटे में सुलझा अंधा कत्ल, दोस्त ही निकला हत्यारा

शराब, झगड़ा और शील पत्थर... दोस्ती का हुआ खौफनाक अंत

रायगढ़। TODAY छत्तीसगढ़  / लैलूंगा थाना क्षेत्र के ग्राम भकुर्रा में युवक की हत्या के मामले का रायगढ़ पुलिस ने महज 72 घंटे में खुलासा कर दिया। पुलिस ने मृतक के दोस्त भुवनेश्वर यादव (26) को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। आरोपी ने आपसी विवाद के बाद घरेलू शील पत्थर से सिर और गर्दन पर वार कर हत्या की थी।

पुलिस के अनुसार, 12 जुलाई की रात ग्राम भकुर्रा निवासी रामनाथ उर्फ सोनू चौहान (23) का शव उसके घर की परछी में मिला था। शव के पास खून से सना भारी शील पत्थर पड़ा था। सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की और घटनास्थल से कई महत्वपूर्ण साक्ष्य, जिनमें एक गमछा भी शामिल था, जब्त किया।

जांच के दौरान डॉग स्क्वाड की मदद ली गई। पुलिस डॉग 'रूबी' ने घटनास्थल से मिले सुरागों के आधार पर मृतक के दोस्त भुवनेश्वर यादव की ओर संकेत किया। हिरासत में लेकर पूछताछ करने पर आरोपी ने अपराध स्वीकार कर लिया।

आरोपी ने बताया कि घटना वाले दिन दोनों साथ बैठकर खाना खा रहे थे और शराब पी रहे थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर विवाद हुआ, जिसके बाद उसने घर में रखे शील पत्थर से कई वार कर रामनाथ की हत्या कर दी। आरोपी के कब्जे से घटना के समय पहने गए कपड़े भी जब्त किए गए हैं।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1) के तहत हत्या का मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया। जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी पहले दुष्कर्म के एक मामले में जेल जा चुका है।

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने मामले के त्वरित खुलासे पर लैलूंगा थाना पुलिस, डॉग स्क्वाड और विशेष रूप से डॉग मास्टर आरक्षक वीरेन्द्र अनंत के कार्य की सराहना करते हुए उन्हें पुरस्कृत करने की घोषणा की है।

© all rights reserved TODAY छत्तीसगढ़ 2018
todaychhattisgarhtcg@gmail.com
TODAY छत्तीसगढ़
लाइव मार्केट & सराफा