बिलासपुर। TODAY छत्तीसगढ़ / जिले के प्राथमिक शाला नदियापार चनाडोंगरी में पिछले एक महीने से बिजली आपूर्ति ठप होने के कारण छात्र-छात्राओं को गंभीर परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बिजली नहीं होने से भीषण गर्मी के बीच कक्षाओं में पढ़ाई प्रभावित हो रही है, वहीं पेयजल व्यवस्था भी बाधित हो गई है।
विद्यालय प्रबंधन और ग्रामीणों का कहना है कि समस्या को लेकर कई बार बिजली विभाग में शिकायत की गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। उनका आरोप है कि आवेदन एक कर्मचारी से दूसरे कर्मचारी तक पहुंचता रहा, लेकिन समस्या जस की तस बनी हुई है।
ग्रामीणों के अनुसार, विद्यालय परिसर के पास लगा बिजली का खंभा भी लंबे समय से गिरा हुआ है। उनका कहना है कि इससे किसी भी समय दुर्घटना हो सकती है, लेकिन विभाग ने अब तक इसे हटाने या सुधारने की दिशा में कोई कदम नहीं उठाया है।
अभिभावकों का कहना है कि बिना बिजली और पेयजल सुविधा के छोटे बच्चों का स्कूल में पूरे समय रहना मुश्किल हो गया है। उनका आरोप है कि विभागीय उदासीनता का सीधा असर बच्चों की पढ़ाई और स्वास्थ्य पर पड़ रहा है।
ग्रामीणों और विद्यालय प्रबंधन ने जिला प्रशासन से मांग की है कि विद्यालय की बिजली व्यवस्था जल्द बहाल कराई जाए और गिरे हुए बिजली खंभे को हटाकर आवश्यक मरम्मत कराई जाए, ताकि बच्चों को सुरक्षित और बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिल सके।


