राजनांदगांव। TODAY छत्तीसगढ़ / पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा ने सोमवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय में जिले के सभी राजपत्रित अधिकारियों, थाना और चौकी प्रभारियों की अपराध समीक्षा बैठक ली। बैठक में कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण, लंबित प्रकरणों के निराकरण और पुलिस कार्यप्रणाली की समीक्षा करते हुए कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए गए।
बैठक में पुलिस अधीक्षक ने बेसिक पुलिसिंग और विजिबल पुलिसिंग को अधिक प्रभावी बनाने पर जोर दिया। उन्होंने बीट प्रणाली को मजबूत करने, थाना क्षेत्रों में नियमित पुलिस उपस्थिति सुनिश्चित करने तथा प्रत्येक थाना प्रभारी को स्थानीय जरूरतों के अनुरूप माइक्रो स्तर की कार्ययोजना तैयार कर उसके प्रभावी क्रियान्वयन के निर्देश दिए।
उन्होंने थानों के अभिलेखों को अद्यतन रखने, निगरानीशुदा एवं गुंडा बदमाशों की नियमित जांच करने तथा लंबित मर्ग, गुम इंसान, शिकायतों और पुराने आपराधिक प्रकरणों के समयबद्ध निराकरण के लिए विशेष अभियान चलाने को कहा। साथ ही पुराने मामलों की समीक्षा कर आवश्यकतानुसार विधिसम्मत कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
विवेचना की गुणवत्ता बढ़ाने के लिए पुलिस अधीक्षक ने सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल डेटा और अन्य डिजिटल साक्ष्यों के समय पर संकलन पर जोर दिया। उन्होंने अनुविभागीय पुलिस अधिकारियों को विवेचकों के कार्यों की नियमित समीक्षा करने, केस डायरी का परीक्षण करने और आवश्यक प्रशिक्षण उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए।
बैठक में नागरिकों के प्रति संवेदनशील व्यवहार को पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी बताते हुए थाना और चौकी स्तर पर आने वाले प्रत्येक व्यक्ति की शिकायत को गंभीरता से सुनने और उसका त्वरित समाधान सुनिश्चित करने पर बल दिया गया। डायल-112 की प्रतिक्रिया समय की समीक्षा, मालखाना प्रबंधन, जब्त सामग्री के सत्यापन, साइबर अपराधों में त्वरित कार्रवाई और होटल, ढाबों तथा लॉज की नियमित जांच के निर्देश भी दिए गए।
यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए ट्रैफिक शाखा, नगर पुलिस अधीक्षकों और थाना प्रभारियों को समन्वय के साथ कार्य करने को कहा गया। विशेष रूप से मुकरता चौक में व्यस्त समय के दौरान कम से कम एक पुलिसकर्मी की नियमित तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर, नगर पुलिस अधीक्षक वैशाली जैन, एलेक्जेंडर किरो, एसडीओपी मंजुलता बाज, केसरीनंदन नायक, डीएसपी के.पी. मरकाम, डीएसपी एम्ब्रोज़ कुजूर सहित जिले के सभी थाना एवं चौकी प्रभारी उपस्थित रहे।

