रायपुर। TODAY छत्तीसगढ़ / मोबाइल पर फर्जी संदेश भेजकर फोन हैक करने और बैंक खातों से लाखों रुपये की साइबर ठगी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह के दो सदस्यों को रायपुर पुलिस ने झारखंड से गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने एक चार्टर्ड अकाउंटेंट के बैंक खातों से 3.94 लाख रुपये की ऑनलाइन ठगी की थी। पुलिस ने उनके कब्जे से घटना में प्रयुक्त दो मोबाइल फोन, एक चेकबुक और 2,000 रुपये नकद बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, डीडी नगर निवासी चार्टर्ड अकाउंटेंट विष्णु दत्त बघेल ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 8 नवंबर 2025 को उनके मोबाइल पर कई संदेश आए। संदेश खोलने के कुछ ही देर बाद यूको बैंक और एक्सिस बैंक खातों से लगातार ऑनलाइन ट्रांजेक्शन होने लगे। 8 से 10 नवंबर 2025 के बीच उनके खातों से कुल 3 लाख 94 हजार रुपये अनधिकृत रूप से निकाल लिए गए।
शिकायत पर थाना डीडी नगर में धारा 318(4) बीएनएस और 66(डी) आईटी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा थाना डीडी नगर की संयुक्त टीम ने जांच शुरू की। तकनीकी विश्लेषण, बैंकिंग ट्रांजेक्शन और डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की लोकेशन झारखंड के बोकारो जिले में मिली।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में पुलिस टीम बोकारो पहुंची और लगातार तकनीकी निगरानी एवं स्थानीय सूचनाओं के आधार पर विशाल कुमार सिंह (26) और महेश प्रसाद सिंह (34) को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में दोनों ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर फर्जी मैसेज भेजकर मोबाइल हैक करने और बैंक खातों से ऑनलाइन रकम निकालने की वारदात स्वीकार की।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त दो मोबाइल फोन, एक चेकबुक और 2,000 रुपये नकद जब्त किए हैं। जब्त मोबाइल और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की फॉरेंसिक जांच की जा रही है, ताकि गिरोह के पूरे नेटवर्क, अन्य सहयोगियों और देश के विभिन्न राज्यों में की गई साइबर ठगी के मामलों का पता लगाया जा सके।
पुलिस का कहना है कि मामले से जुड़े अन्य फरार आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई जारी है। साथ ही आरोपियों के बैंक खातों, मोबाइल नंबरों, डिजिटल उपकरणों और सोशल मीडिया गतिविधियों का भी तकनीकी विश्लेषण किया जा रहा है।

