रायपुर। TODAY छत्तीसगढ़ / मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा है कि अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत रेलवे स्टेशनों का आधुनिकीकरण प्रदेश में यात्री सुविधाओं को बेहतर बनाने के साथ-साथ व्यापार, पर्यटन और क्षेत्रीय विकास को भी नई गति देगा। उन्होंने कहा कि रेलवे केवल परिवहन का माध्यम नहीं, बल्कि आर्थिक और सामाजिक विकास की मजबूत आधारशिला है।
मुख्यमंत्री से गुरुवार को रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में रायपुर मंडल के मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) दयानंद ने सौजन्य भेंट की। इस दौरान उन्होंने केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव की ओर से अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत विकसित सरोना और बालोद रेलवे स्टेशनों के उद्घाटन समारोह का आमंत्रण पत्र मुख्यमंत्री को सौंपा।
बैठक में दोनों स्टेशनों पर विकसित आधुनिक यात्री सुविधाओं, अधोसंरचना उन्नयन और नए स्वरूप पर विस्तार से चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने कहा कि अमृत भारत स्टेशन योजना भारतीय रेलवे को आधुनिक, सुरक्षित, सुगम और यात्री-केंद्रित बनाने की दूरदर्शी पहल है, जिसका सीधा लाभ आम नागरिकों को मिलेगा।
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि देशभर के रेलवे स्टेशनों को आधुनिक सुविधाओं और विश्वस्तरीय अधोसंरचना से सुसज्जित किया जा रहा है। इससे विकसित भारत के संकल्प को नई मजबूती मिलेगी।
उन्होंने कहा कि रेलवे स्टेशनों का आधुनिकीकरण स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूत करने, रोजगार के अवसर बढ़ाने और क्षेत्रीय विकास को गति देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। सरोना और बालोद रेलवे स्टेशनों के उन्नयन से यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और क्षेत्र में आर्थिक गतिविधियां भी बढ़ेंगी।
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि डबल इंजन सरकार के समन्वित प्रयासों से छत्तीसगढ़ में आधुनिक रेल अधोसंरचना का तेजी से विस्तार हो रहा है। बेहतर रेल संपर्क से प्रदेश में निवेश, उद्योग, व्यापार और पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा तथा आम नागरिकों का आवागमन अधिक सुरक्षित और सुविधाजनक बनेगा।
उल्लेखनीय है कि 17 जुलाई को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वर्चुअल माध्यम से देशभर में अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत विकसित एवं नवीनीकृत रेलवे स्टेशनों का लोकार्पण करेंगे। इसी क्रम में छत्तीसगढ़ के सरोना और बालोद रेलवे स्टेशन भी जनता को समर्पित किए जाएंगे।

